गुयाना के उत्तरी अटलांटिक तट पर 116 लोगों को लेकर जा रही एक यात्री नाव समुद्र में पलट गई. हादसे के बाद राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसमें अब तक 15 बच्चों समेत 67 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है. बाकी लोगों की तलाश जारी है. फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि इस हादसे में किसी की मौत हुई है या नहीं.
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, एमवी बारिमा नाम की यात्री नाव राजधानी जॉर्जटाउन से पोर्ट कैटुमा जा रही थी. रास्ते में पोमेरून नदी के पास यह हादसा हो गया. रात करीब 11 बजे आपातकालीन संदेश मिलने के बाद सरकारी एजेंसियों ने तुरंत राहत अभियान शुरू किया. बचाव कार्य में सरकारी टीमों के साथ निजी नावों की भी मदद ली जा रही है.
15 बच्चों समेत 67 लोग सुरक्षित निकाले गए
रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक 67 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जिनमें 15 बच्चे भी शामिल हैं. बचाव दल लगातार समुद्र में लापता लोगों की तलाश कर रहा है. वहां के अधिकारियों को उम्मीद है कि अभियान आगे बढ़ने के साथ कुछ और लोगों को सुरक्षित निकाला जा सकता है. फिलहाल लापता लोगों की सही संख्या सार्वजनिक नहीं की गई है.
प्रशासन के मुताबिक, अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए पूरा ध्यान राहत अभियान पर रखा गया है. हादसे के बाद तटीय इलाके में मेडिकल टीमों को भी तैनात किया गया है, ताकि बचाए गए लोगों को तुरंत इलाज मिल सके. वहीं, लापता लोगों के परिजन लगातार बचाव अभियान की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं.
सार्वजनिक निर्माण मंत्री जुआन एडघिल के अनुसार, एमवी बारिमा में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे. हादसे के वक्त जहाज पर 250 लाइफ जैकेट समेत दो मजबूत लाइफ राफ्ट्स के साथ ही छह हवा भरने वाली बोट्स भी मौजूद थीं. इतने पुख्ता इंतजाम होने के बाद भी यह बड़ी लापरवाही कैसे हुई, इसका पता लगाने के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है. शुरुआती दौर में हादसे की वजह साफ नहीं हो सकी है, जिसके चलते रेस्क्यू का काम पूरा होने के बाद ही प्रशासन इस पूरे मामले की गहराई से जांच करेगा.