फ्रांस में आयोजित होने जा रही G7 समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक होगी. अमेरिकी प्रशासन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों नेताओं की मुलाकात समिट के आखिरी दिन 17 जून को तय की गई है. ऐसे समय में जब दुनिया कई चुनौतियों जूझ रही है, ये बैठक अहम मानी जा रही है.
व्हाइट हाउस के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार सुबह वॉशिंगटन से रवाना होंगे. USC फ्रीडम 250 कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वो फ्रांस के एवियन पहुंचेंगे, जहां स्थानीय समयानुसार सोमवार दोपहर G7 समिट में शामिल होंगे. अपनी इस यात्रा के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के साथ कई अहम बैठकों में हिस्सा लेने वाले हैं.
एक अधिकारी ने बताया कि ट्रंप G7 नेताओं के साथ आर्थिक विकास, वैश्विक विकास साझेदारी, सप्लाई चेन रेजिलिएंस, अवैध प्रवासन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे साझा महत्व के मुद्दों पर चर्चा करेंगे. इसके साथ वो महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने, आर्थिक सुरक्षा बढ़ाने और ड्रग तस्करी से निपटने के लिए सहयोग बढ़ाने पर भी जोर देंगे.
फ्रांस पहुंचने के बाद सोमवार शाम राष्ट्रपति ट्रंप की पहली द्विपक्षीय बैठक फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ होगी. इसके बाद मंगलवार सुबह वह G7 नेताओं के साथ आधिकारिक स्वागत कार्यक्रम और वर्किंग डिनर में शामिल होंगे. इसी दिन वह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की समेत G7 के अन्य नेताओं के साथ एक विशेष कार्य सत्र में हिस्सा लेंगे.
मंगलवार को ट्रंप की कूटनीतिक व्यस्तता बढ़ जाएगी. वो कतर के अमीर के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति के साथ भी उनकी अलग बैठक प्रस्तावित है. इसके अलावा G7 के नेताओं के साथ वर्किंग लंच में शामिल होंगे. अंतरराष्ट्रीय निवेश साझेदारी को लेकर G7 आउटरीच पार्टनर्स के साथ भी एक अहम सत्र आयोजित होगा.
बुधवार को राष्ट्रपति ट्रंप का कार्यक्रम ज्यादा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वो आर्थिक विकास को बढ़ावा देने पर केंद्रित एक अतिरिक्त कार्य सत्र में G7 नेताओं और आउटरीच पार्टनर्स के साथ भाग लेंगे. इसके बाद मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे. इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय वार्ता होगी.
दोनों नेताओं के बीच होने वाली इस मुलाकात पर दुनिया भर की निगाहें टिकी हैं. माना जा रहा है कि व्यापार, निवेश, तकनीक, रक्षा सहयोग, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की सुरक्षा और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. मोदी से मुलाकात के बाद ट्रंप प्रमुख टेक कंपनियों के CEO के साथ इनोवेशन और AI पर आयोजित वर्किंग लंच में शामिल होंगे.
फ्रांस से रवाना होने से पहले राष्ट्रपति ट्रंप एक बार फिर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे और पैलेस ऑफ वर्साय में आयोजित डिनर में हिस्सा लेंगे. G7 समिट के दौरान होने वाली मोदी-ट्रंप बैठक को भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. दुनिया के सामने मौजूद चुनौतियों के बीच दोनों नेताओं की मुलाकात कई अहम संकेत दे सकती है.