उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पूर्वांचल दौरे के दौरान वाराणसी, मिर्जापुर और प्रयागराज में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात दी. वाराणसी में स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करने के बाद सीएम योगी मिर्जापुर पहुंचे, जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी मंदिर में पूजा-अर्चना की और विंध्याचल में गंगा घाटों के निर्माण कार्य का जायजा लिया. इसके साथ ही उन्होंने मिर्जापुर में 43.65 करोड़ रुपये की लागत से बने नए पुल का लोकार्पण किया और शिक्षक सम्मेलन को संबोधित किया. इसके बाद सीएम योगी प्रयागराज पहुंचे, जहां उनके दो मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुए. प्रयागराज में सीएम योगी ने स्वतंत्रता सेनानी बाबू मसूरिया दीन पासी की प्रतिमा का अनावरण किया.