scorecardresearch
 

रील के लिए 150 फीट ऊपर चढ़े, कपड़े उतारकर टंकी में कूदे; मुजफ्फरनगर के दो लड़कों की करतूत का VIDEO वायरल

मुजफ्फरनगर में रील के शौकीन दो युवकों ने जान जोखिम में डालकर 150 फीट ऊंची पानी की टंकी पर खतरनाक स्टंट किए. वीडियो वायरल होने के बाद जल विभाग और पुलिस में हड़कंप मच गया. हालांकि, विभाग ने साफ किया है कि यह वीडियो पुराना है और इससे जलापूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ा है.

Advertisement
X
150 फीट ऊंची टंकी पर युवकों का स्टंट (Photo- Screengrab)
150 फीट ऊंची टंकी पर युवकों का स्टंट (Photo- Screengrab)

Uttar Pradesh News: मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना तहसील क्षेत्र स्थित उमरपुर गांव में दो युवकों द्वारा पानी की टंकी पर रील बनाने का मामला सामने आया है. इन युवकों ने 150 फीट की ऊंचाई पर चढ़कर पहले अपने कपड़े उतारे और फिर टंकी के भीतर पानी में उतरकर खतरनाक स्टंट किए. यह वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पुलिस और जल विभाग की शुरुआती जांच में पता चला कि यह वीडियो लगभग एक साल पुराना है, जब टंकी की टेस्टिंग का काम चल रहा था. वर्तमान में यह टंकी चालू नहीं है, जिससे दूषित पानी की आपूर्ति वाली अफवाहें पूरी तरह गलत साबित हुई हैं.

जल विभाग ने अफवाहों का किया खंडन

वीडियो वायरल होते ही ग्रामीणों में यह चर्चा फैल गई कि युवकों की इस हरकत के कारण उन्हें गंदा पानी पीना पड़ रहा है. इस पर जल विभाग के अधिशासी अभियंता संजय सिंह ने तत्काल स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने बताया कि विभाग ने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों से वार्ता की है. यह वीडियो उस समय का है जब निर्माण कार्य किन्हीं कारणों से बंद था और टेस्टिंग चल रही थी. संजय सिंह ने कड़े शब्दों में खंडन किया कि गांव वालों को दूषित पानी मिल रहा है, क्योंकि वर्तमान में वहां से जलापूर्ति शुरू ही नहीं हुई है.

एक-दो महीने में शुरू होगी जलापूर्ति

अधिशासी अभियंता ने जानकारी दी कि संबंधित कंपनी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि टंकी पर तत्काल एक ऑपरेटर की नियुक्ति की जाए. उन्होंने बताया कि अगले एक से दो महीने के भीतर गांव में सुचारू रूप से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी. जब यह रील बनाई गई थी, उस समय निर्माण फार्म के लोग वहां मौजूद नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर इन शरारती तत्वों ने ऊंचाई पर चढ़कर वीडियो शूट किया. 

Advertisement

युवाओं से संयम बरतने की अपील

इस घटना ने युवाओं की सुरक्षा और रील बनाने के जुनून पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 150 फीट की ऊंचाई से गिरकर कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था. जल विभाग के अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे ऐसी कोई भी हरकत न करें जिससे उनके परिवार या गांव वालों को मुसीबत का सामना करना पड़े. 

पुलिस की जांच 

फिलहाल पुलिस इस मामले में अपनी जांच कर रही है ताकि रील बनाने वाले युवकों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जा सके. विभाग का मुख्य फोकस अब जल्द से जल्द ऑपरेटर की नियुक्ति कर ग्रामीणों को स्वच्छ जल पहुंचाना है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement