scorecardresearch
 

बहराइच में खूनी तांडव: बेटे ने कुल्हाड़ी से काट डाला परिवार, मां-बाप, बहन और दादी की निर्मम हत्या; बीच-बचाव में भाई घायल

बहराइच के रूपईडीहा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां जमीन की बिक्री से मिले पैसों के विवाद में एक युवक ने अपने ही माता-पिता, दादी और बहन की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी. आरोपी ने भाई पर भी जानलेवा हमला किया.

Advertisement
X
वारदात के बाद घटनास्थल पहुंची बहराइच पुलिस (Photo- Screengrab)
वारदात के बाद घटनास्थल पहुंची बहराइच पुलिस (Photo- Screengrab)

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में 1 और 2 मार्च की दरमियानी रात निरंकार नाम के युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने परिवार के चार सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया. जमीन और गहने बेचने से मिले पैसों के बंटवारे के विवाद में आरोपी ने आवेश में आकर पिता बदलू राम, मां संजू देवी, बहन पार्वती और दादी सिताला की हत्या कर दी. इस हमले में बड़ा भाई गुरुदेव भी गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद आरोपी ने खुद को ईंट मारकर घायल कर लिया, जिसे इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है.

पैसों की हवस ने बनाया कसाई

घटना की शुरुआत जमीन की बिक्री से मिली रकम को लेकर हुए विवाद से हुई. आरोपी निरंकार अपने पिता से पैसों की मांग कर रहा था, जिसे देने से इनकार करने पर वह आपा खो बैठा. उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और एक-एक कर सो रहे परिजनों पर वार करना शुरू कर दिया.

चीख-पुकार सुनकर जब बड़ा भाई गुरुदेव बचाने आया, तो निरंकार ने उसके सिर पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. मौके पर मौजूद गुरुदेव के बेटे आजाद ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण वहां पहुंचे. घटना थाना रूपईडीहा के बसंतपुर ऊदल गांव में हुई. 

पुलिस की कार्रवाई 

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. घायल भाई गुरुदेव का इलाज चरदा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. पुलिस ने आरोपी निरंकार के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement