संभल हिंसा वाले घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर कब्रिस्तान के अंदर से एक और कारतूस का खोखा बरामद हुआ है. जिससे यहां मिलने वाले कारतूसों की संख्या अब 4 हो गई है.यहां पिछले तीन दिन से ASP श्रीशचंद्र और सीओ अनुज चौधरी के नेतृत्व में इलाके में सर्च अभियान चल रहा है. वहीं, कब्रिस्तान में करीब 4 घंटे से सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
संभल हिंसा वाले घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर कब्रिस्तान के अंदर से एक और कारतूस का खोखा बरामद हुआ है. जिसे खुफिया विभाग और फील्ड यूनिट की टीमों के द्वारा सर्च ऑपरेशन के दौरान बरामद किया गया है. जानकारी के अनुसार खोखा मेटल डिटेक्टर से डिटेक्ट हुआ और मिट्टी में दबा हुआ था. इससे कुछ देर पहले कब्रिस्तान के अंदर से 3 खोखे बरामद हुए थे.

यह भी पढ़ें: 34 गिरफ्तार, 400 की पहचान... संभल हिंसा में उपद्रवियों से 1 करोड़ की भरपाई करेगी पुलिस
कब्रिस्तान में पिछले 4 घंटे से चल रहा है सर्च अभियान
पिछले 4 घंटे से चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान अभी तक चार कारतूस के खोखे बरामद हो चुके हैं. पिछले तीन दिन से ASP श्रीशचंद्र और सीओ अनुज चौधरी के नेतृत्व में इलाके में सर्च अभियान चल रहा है. इधर, पुलिस दंगे में संपत्तियों के नुकसान का आकलन कर रही है. पुलिस ने बताया कि हिंसा में 1 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान हुआ है. जिसकी भरपाई दंगाइयों से की जाएगी.
दंगे में संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने के मामले में 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जबकि अभी तक 400 लोगों की पहचान की गई है. पुलिस ने कहा है कि हिंसा में दंगाइयों ने कारों में आग लगा दी थी और ट्रांसफार्मर को भी जला दिया था.
यह भी पढ़ें: 'तीनों DNA एक...', बाबर, संभल हिंसा और बांग्लादेश का जिक्र कर बोले CM योगी
24 नवंबर को हुई थी हिंसा
संभल जिले में 24 नवंबर को स्थानीय कोर्ट के आदेश पर शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी और करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए थे. घायलों में पुलिसवाले भी शामिल थे. पुलिस ने हिंसा मामले में ढाई हजार से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से अधिकांश अज्ञात हैं. जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उनमें समाजवादी पार्टी के संभल से सांसद जिया उर रहमान बर्क और संभल के विधायक इकबाल महमूद के बेटे सोहेल इकबाल भी शामिल हैं.
राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीते दिनों संभल में शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा को लेकर पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घटना से जुड़े उपद्रवियों के साथ पूरी कठोरता से निपटें. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, उसे वापस ठीक कराने का खर्च उन्हीं उपद्रवियों से वसूल किया जाए. एक भी उपद्रवी बचना नहीं चाहिए.
सर्च ऑपरेशन पर संभल एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का बयान आया है. उन्होंने कहा कि हिंसा वाले घटनास्थल से कुछ दूरी पर कब्रिस्तान से कारतूसों के खोखे बरामद हुए हैं. पिछले तीन दिनों से हिंसा वाले सभी घटनास्थल पर विवेचकों की टीम के द्वारा मुआयना किया जा रहा है.
7.65 बोर की अमेरिका मेड गोलियों के दो खोखे बरामद हुए हैं. इलके अलावा 12 बोर की दो गोलियों के खोखे भी बरामद हुए हैं. फील्ड यूनिट टीम के द्वारा सभी को सील करके बैलेस्टिक एक्सपर्ट को भेजा जाएगा.