UP News: सहारनपुर के थाना बेहट कस्बे में नवरात्रि के दौरान मीट की दुकान खुली होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया. जानकारी के अनुसार, मुस्लिम बहुल क्षेत्र में मीट की दुकान खुली होने की सूचना मिलने पर हिंदू संगठन के लोग दुकान बंद कराने के लिए पहुंच गए. इस दौरान विक्रेताओं ने प्रशासन का आदेश दिखाने की मांग की और कहा कि अगर सरकार का लिखित आदेश मिलेगा तो वे दुकान बंद कर देंगे. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी.
बताया जा रहा है कि बहस के दौरान माहौल अचानक गरमा गया. वीडियो में दुकानदार लोगों से यह कहते भी सुनाई दे रहा है कि यहां हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा न बनाया जाए. इसी बीच तनाव बढ़ गया और आरोप है कि दुकान बंद कराने पहुंचे लोगों को मोहल्ले के कुछ लोगों ने पहले पीटा फिर दौड़ा दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद हिंदू संगठन के लोग थाना बेहट क्षेत्र के शाकम्भरी गेट पर जाम लगाने के लिए इकट्ठा हो गए.
खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए लोगो को शांत कराया. पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम की स्थिति खत्म कराई और क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
फिलहाल, हिंदू संगठन के लोग थाने पहुंचकर मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और मिली शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.