scorecardresearch
 

प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसे में बड़ी कार्रवाई, सपा नेता अंसार अहमद समेत 3 भेजे गए जेल

प्रयागराज के फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज गिरने के मामले में पुलिस ने सपा नेता अंसार अहमद, उनके बेटे और भतीजे को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. हादसे में चार मजदूरों की मौत हुई थी और 14 घायल हुए थे. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

Advertisement
X
कोल्ड स्टोरेज हादसे में मालिक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार (Photo: Screengrab)
कोल्ड स्टोरेज हादसे में मालिक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार (Photo: Screengrab)

प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में कोल्ड स्टोरेज गिरने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंसार अहमद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने अंसार अहमद, उनके बेटे मंजूर इलाही और भतीजे अलाउद्दीन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है.

गंगानगर जोन की फाफामऊ थाना पुलिस, सिटी एसओजी और गंगानगर एसओजी की संयुक्त टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार इनकी गिरफ्तारी फाफामऊ के मलाक हरहर स्थित भदरी रेलवे ओवर ब्रिज के पास से की गई. आरोपियों के कब्जे से एक फॉर्च्यूनर कार और कोल्ड स्टोरेज से जुड़े कागजात व रजिस्टर भी बरामद किए गए हैं.

कोल्ड स्टोरेज हादसे में मालिक समेत तीन गिरफ्तार

बता दें, सोमवार को दोपहर करीब 1.30 बजे आदर्श कोल्ड स्टोरेज में बड़ा हादसा हुआ था. कूलिंग के दौरान अमोनिया गैस का चैंबर फट गया, जिससे कोल्ड स्टोरेज का बड़ा हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा. इस हादसे में चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 14 लोग घायल हो गए थे.

घटना के बाद पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य चलाया. घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था.

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फाफामऊ में मुकदमा अपराध संख्या 44/2026 दर्ज किया गया. इसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने अंसार अहमद समेत जावेद, मोहम्मद असलम, अलाउद्दीन, उस्मान मैनेजर, मंजूर, मोहम्मद इरफान और 4 से 5 अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है.

14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

पुलिस ने बताया कि फिलहाल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं. पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ने की बात कही जा रही है. डीसीपी गंगानगर जोन कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement