नोएडा के ममूरा गांव में एक बहुमंजिला मकान में भीषण आग लग गई. आग लगने के वक्त मकान के अंदर 48 परिवार के लोग फंसे हुए थे, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए फायर विभाग ने तुरंत एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. इस हादसे में 2 लोगों की मौत भी हो गई.
बताया जा रहा है कि फेज-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ममूरा में ये हादसा एक मकान में खड़ी इलेक्ट्रिक बाइक में चिंगारी निकलने की वजह से हुआ. स्पार्किंग के बाद लगी आग देखते ही देखते बढ़ गई और इमारत से धुएं का गुबार उठने लगा.
पार्किंग में लगी आग से सीढ़ियों और लॉबी में धुआं फैल गया और इमारत में रहने वाले परिवार अंदर ही फंस गए. लोगों में चीख-पुकार मच गई. सामने आए वीडियो में इमारतों से उठती आग की ऊंची-ऊंची लपटें साफ देखी जा सकती हैं.
कैसे हुआ हादसा?
नोएडा पुलिस ने बताया कि इमारत G-4 के ग्राउंड फ्लोर में इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी चार्ज पर लगी थी. इसी दौरान इसमें स्पार्क निकला जिसकी वजह से आसपास खड़े पेट्रोल वाहन आग की चपेट में आ गए. जानकारी मिलते ही फायर सर्विस यूनिट की 07 फायर टेंडर, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य शमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया.
पुलिस ने आगे बताया कि इस इमारत में 50 परिवार रहते थे, जिन्हें रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बाहर निकाला गया. धुएं से 2 व्यक्तियों की तबीयत बिगड़ गई जिन्हें जिला अस्पताल भिजवाया गया. वहां डॉक्टरों ने 1 महिला और 1 पुरुष को मृत घोषित कर दिया गया.
दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने सीढ़ियों का इस्तेमाल कर इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया. दमकल कर्मियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है. इसके साथ ही इस मामले में मकान मालिक/ लीज धारक को गिरफ्तार कर लिया गया है.
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: मुंबई में चलती कार बनी आग का गोला... कोस्टल रोड टनल बंद, मची अफरातफरी
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए. सीएम योगी ने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को सही समय पर उपचार मुहैया कराने के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने के लिए भी कहा है.