मुजफ्फरनगर में ऐसा मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोपी युवक को पुलिस ने कुछ ही घंटों में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान आरोपी पुलिस के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाता दिखा. वह कहता रहा- साहब, मर जाऊंगा, लेकिन अब ऐसा नहीं करूंगा.
पूरा मामला नई मंडी थाना क्षेत्र से जुड़ा है. पुलिस के अनुसार, गांव के एक व्यक्ति ने गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे थाना नई मंडी पहुंचकर शिकायत दी कि उसकी नाबालिग भतीजी को गांव का एक युवक मोनू उर्फ शाहरुख बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक ने पहले अपनी पहचान छिपाई और लड़की को बातों में फंसाया. शिकायत के मुताबिक, वह उसे 12 मई की सुबह करीब 4 बजे घर से लेकर गया था और शादी के लिए दबाव बना रहा था.
शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण तत्काल अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया. नई मंडी पुलिस ने बिना समय गंवाए कई टीमों का गठन किया और लड़की की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर नाबालिग को बरामद कर लिया.
यह भी पढ़ें: हरदोई में पुलिस को देखते ही बदमाशों ने झोंकी गोलियां, जवाबी एनकाउंटर में दोनों के पैर हुए छलनी
पूछताछ में लड़की ने बताया कि आरोपी उसे कई दिनों से बहला-फुसलाकर अपने साथ रखे हुए था. जब उसे पता चला कि परिवार ने पुलिस में शिकायत कर दी है और उसकी तलाश तेज हो गई है, तो वह घबरा गया. डर के कारण उसने लड़की को भोपा पुल के पास छोड़ दिया और खुद फरार होने की कोशिश करने लगा. लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने तुरंत आरोपी की तलाश तेज कर दी.
नई मंडी पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी. जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया गया. इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी सहावली गांव के पास एक कच्चे रास्ते पर छिपा हुआ है और मौका मिलते ही भागने की फिराक में है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की.
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी बौखला गया. उसने तमंचा निकाला और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. जवाबी फायरिंग में एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा. इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर दबोच लिया.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी दर्द से कराहता हुआ हाथ जोड़कर पुलिसकर्मियों से रहम की गुहार लगाने लगा. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, वह बार-बार कह रहा था- साहब, मर जाऊंगा लेकिन अब ऐसा नहीं करूंगा. पुलिस ने मौके से आरोपी के पास से एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, एक खोखा और कुछ नकदी बरामद की है. घायल हालत में उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है.
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मोनू उर्फ शाहरुख पुत्र फैयाज के रूप में बताई. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह मजदूरी करता था. उसी दौरान पीड़िता के परिवार के संपर्क में आया. आरोप है कि उसने धीरे-धीरे लड़की को बातों में फंसाया और फिर उसे लेकर फरार हो गया.
पूरे मामले को लेकर सीओ ने क्या बताया?
सीओ राजू कुमार साव ने बताया कि एक व्यक्ति ने थाने में आकर सूचना दी कि उसकी नाबालिग भतीजी को मोनू उर्फ शाहरुख नाम का आरोपी बहला फुसलाकर धर्मांतरण के उद्देश्य से शादी करने के लिए साथ ले गया है. शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल केस दर्ज किया और जांच शुरू की. पुलिस ने दो घंटे के भीतर लड़की को सकुशल बरामद कर लिया. जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मोनू नाम का लड़का धर्मांतरण के उद्देश्य से उससे शादी करने का दबाव डालकर बहला फुसलाकर ले गया था.
आरोपी उसे भोपा अंडरपास के पास छोड़कर भाग गया. शाहरुख ने कोल्हू पर काम करने वाले परिवार की लड़की को धर्मांतरण के उद्देश्य से प्रेमजाल में फंसाया और शादी करने के उद्देश्य से वह उसे लेकर भाग गया था. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसको अरेस्ट कर लिया है. आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है. धर्म परिवर्तन को लेकर भी उससे पूछताछ की जा रही है. लड़की की भी काउंसिलिंग की जा रही है. आगे जैसे भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी.