scorecardresearch
 

मां ने खुद को लगाई आग, घुटन से मर गईं डेढ़ और 10 साल की दो बेटियां

शामली जिले के कैराना कस्बे में पारिवारिक विवाद के बीच दर्दनाक हादसा हो गया. एक महिला के खुद को आग लगाने के प्रयास के दौरान कमरे में धुआं भर गया, जिससे उसकी दो मासूम बेटियों की दम घुटने से मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में मातम पसरा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
X
मां ने खुद को लगाई आग और मर गईं बेटियां (Photo: representational image )
मां ने खुद को लगाई आग और मर गईं बेटियां (Photo: representational image )

उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना कस्बे से गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद के बीच एक महिला द्वारा खुद को आग लगाने की कोशिश, उसकी दो मासूम बेटियों की मौत का कारण बन गई. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

आग लगते ही कमरे में भर गया धुआं

जानकारी के मुताबिक कैराना कस्बे की रहने वाली 30 साल की अनीता, पत्नी जस्सी, गुरुवार को अपने घर के एक कमरे में मौजूद थी. बताया जा रहा है कि किसी घरेलू विवाद के चलते उसने कमरे में बिस्तर पर बैठकर खुद को आग लगा ली. आग लगते ही कमरे में तेजी से धुआं भर गया. उस समय अनीता की दो बेटियां, 10 साल की वंदना और करीब डेढ़ साल की जसप्रीत भी कमरे के अंदर मौजूद थीं.

कमरा बंद होने के कारण धुआं बाहर नहीं निकल सका और दोनों बच्चियों का दम घुटने लगा. कुछ ही देर में दोनों बेहोश हो गईं. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया.

Advertisement

बेटियों की मौत, मां का इलाज जारी

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद वंदना और जसप्रीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनीता का इलाज जारी है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

कैराना के क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके. बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था.

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है. पड़ोसियों का कहना है कि किसी ने नहीं सोचा था कि घरेलू विवाद इतना भयावह रूप ले लेगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement