scorecardresearch
 
Advertisement

Mauni Amavasya Snan LIVE: मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में आस्था का सैलाब, साधु संतों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा

aajtak.in | प्रयागराज | 18 जनवरी 2026, 11:29 AM IST

मौनी अमावस्या के साथ माघ मेले का सबसे बड़ा स्नान पर्व शुरू हो गया है और संगम तट आस्था के सैलाब से भरने लगा है. तीन करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं की उम्मीद के बीच प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था का अभेद्य घेरा खड़ा किया है.

Mauni Amavasya Snan Prayagraj Mauni Amavasya Snan Prayagraj

माघ मेले का तीसरा और सबसे बड़ा स्नान पर्व मौनी अमावस्या आज है. इसके लिए भारी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज संगम में जुटे. ब्रह्म मुहूर्त में सुबह चार बजे से मौनी अमावस्या का स्नान शुरू हुआ. प्रशासन ने मौनी अमावस्या में तीन करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया है.

स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब शनिवार से ही उमड़ पड़ा था. मौनी अमावस्या के स्नान पर्व को लेकर मेला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबा स्नान घाट तैयार किया गया है.

11:29 AM (एक महीने पहले)

संगम में स्नान करने पहुंचे साधु-संतों और श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा

Posted by :- Nitin

मौनी अमावस्या के मौके पर लाखों लोग त्रिवेणी में स्नान के लिए पहुंच रहे हैं. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने महाकुंभ 2025 की तर्ज पर संगम में स्नान कर रहे साधु संतों और श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराई है. श्रद्धालु और साधु-संत इस अप्रत्याशित पुष्प वर्षा से गदगद  हो गए. कई भक्तों ने 'हर हर गंगे', 'जय मां गंगे' और 'योगी जी महाराज की जय' के नारे लगाए. तड़के सुबह से ही संगम में डुबकी लगाने आए लाखों श्रद्धालु, कल्पवासी, साधु-संत और अखाड़ों के महामंडलेश्वर जब पवित्र स्नान कर रहे हैं. 
 

8:40 AM (एक महीने पहले)

मौनी अमावस्या पर स्नान को पहुंचे श्रद्धालुओं का सीएम योगी ने किया अभिनंदन

Posted by :- Nitin

कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद मौनी अमावस्या के मौके पर  त्रिवेणी में स्नान के लिए सुबह से ही लाखों श्रद्धालु संगम पहुंच रहे हैं.  इस मौके पर संगम पहुंचे श्रद्धालुओं का सीएम योगी ने अभिनंदन किया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'आस्था के महापर्व मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर पवित्र संगम स्नान के लिए पधारे सभी पूज्य अखाड़ों, धर्माचार्यों, संतगणों, साधकों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं का आत्मीय अभिनंदन.'

सीएम ने आगे लिखा, 'मोक्षदायिनी मां गंगा और भगवान सूर्य की कृपा से सभी की मनोक्षणाएं पूर्ण हों, जीवन में नई ऊर्जा, नया उत्साह और नया संकल्प जगे, यही प्रार्थना है. हर हर गंगे!'

 

7:46 AM (एक महीने पहले)

देर रात से जारी है स्नान, सुबह चार बजे तक 50 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई संगम में डुबकी

Posted by :- Nitin

मौनी अमावस्या पर संगम नगरी प्रयागराज में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ रही है. रात 12 बजे के बाद से श्रद्धालु पवित्र स्नान करने के लिए संगम की तरफ बढ़ रहे हैं. संगम नोज पर तैनात प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार ने बताया कि देर रात 12 बजे से संगम नोज पर मौनी अमावस्या का स्नान जारी है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के सभी अधिकारी व कर्मचारी यहां तैनात हैं, ताकि की व्यवस्था बनी रहे.

उन्होंने बताया कि सुबह चार बजे तक 50 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके थे. अब ये संख्या और बढ़ गई होगी, मेला प्रशासन इस बारे में आंकड़ा जारी करेगा.

 

7:34 AM (एक महीने पहले)

मौनी अमावस्या आज, जानें स्नान-दान, पूजा और तर्पण का शुभ मुहूर्त

Posted by :- Nitin

आज 18 जनवरी 2026 को मौनी अमावस्या या माघ अमावस्या मनाई जा रही है. हिंदू धर्म में इस तिथि को बेहद पवित्र माना जाता है. मान्यता है कि आज के दिन पवित्र नदियों में स्नान करने, दान-पुण्य करने, भगवान विष्णु और पितरों की पूजा करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है. मौनी अमावस्या पर आज स्नान, तर्पण, पूजा और दान के लिए अलग-अलग शुभ मुहूर्त बताए गए हैं, जिनमें किए गए कर्मों का फल कई गुना बढ़ जाता है. यहां पढ़ें पूरी खबर...

Advertisement
6:09 AM (एक महीने पहले)

संगम नोज पर प्रशासन की खास नजर

Posted by :- Vishnu Rawal

मौनी अमावस्या पर संगम नगरी प्रयागराज में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ रही है. रात 12:00 बजे के बाद से श्रद्धालु मौनी अमावस्या के पावन पर स्नान करने के लिए संगम की तरफ बढ़ रहे हैं. भीड़ को संगम नोज पर नियंत्रित करने के लिए भी पुलिस और पीएसी के जवान लगाए गए हैं. पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को एक ही जगह पर ज्यादा देर नहीं रुकने दे रहे हैं. लोगों को संगम नोज पर स्नान करने के बाद आगे बढ़ाया जा रहा है.

यूपी एटीएस रेतीले इलाके में किसी भी परिस्थिति में स्पॉट पर तेजी से पहुंचने के लिए अपनी स्पेशल सेंड व्हीकल और यूनिट के साथ मुस्तैद है.

5:53 AM (एक महीने पहले)

कोहरे और ठंड का श्रद्धालुओं पर असर नहीं

Posted by :- Vishnu Rawal

मौनी अमावस्या के अवसर पर पवित्र स्नान करने के लिए श्रद्धालु कोहरे और ठंड का सामना करते हुए बड़ी संख्या में संगम घाट पहुंचे हैं.

 

5:13 AM (एक महीने पहले)

अबतक 50 लाख श्रद्धालुओं ने किया पवित्र स्नान

Posted by :- Vishnu Rawal

स्नान पर प्रयागराज डिवीजन की डिविजनल कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने कहा, 'मौनी अमावस्या के अवसर पर अबतक पचास लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया है. श्रद्धालुओं को स्पष्ट मार्गदर्शन सुनिश्चित करने के लिए यहां पूरी व्यवस्था है और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक भी उनका मार्गदर्शन कर रहे हैं.'

 

5:10 AM (एक महीने पहले)

ब्रह्म मुहूर्त में लगी आस्था की डुबकी

Posted by :- Vishnu Rawal

ब्रह्म मुहूर्त में स्नान के बाद एक श्रद्धालु ने कहा, 'मौनी अमावस्या के अवसर पर पवित्र स्नान करने के बाद मुझे बहुत अच्छा लग रहा है. यहां की व्यवस्था बहुत अच्छी है.'

 

3:27 AM (एक महीने पहले)

पवित्र स्नान जारी, बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

Posted by :- Vishnu Rawal

पवित्र स्नान पर एसपी माघ मेला, नीरज पांडे ने कहा, 'मौनी अमावस्या का पवित्र स्नान शुभ मुहूर्त में मध्यरात्रि 12:00 बजे से शुरू हो गया है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान कर रहे हैं. कुछ श्रद्धालु वापस भी लौटने लगे हैं. मौनी अमावस्या का स्नान सबसे महत्वपूर्ण पवित्र स्नान माना जाता है और इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं.'

 

Advertisement
2:49 AM (एक महीने पहले)

प्रयागराज: मौनी अमावस्या पर 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान का अनुमान

Posted by :- Vishnu Rawal

प्रयागराज के डीएम मनीष कुमार वर्मा ने कहा, 'मौनी अमावस्या के लिए स्नान शुरू हो चुका है. हमने लगभग 3.5 किलोमीटर लंबा घाट विकसित किया है. लोगों में काफी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग आ चुके हैं. हमारा अनुमान है कि आज मौनी अमावस्या के अवसर पर लगभग 3 से 3.5 करोड़ श्रद्धालु स्नान करेंगे.'

 

2:48 AM (एक महीने पहले)

स्नान पर्व की तैयारी पूरी: पुलिस

Posted by :- Vishnu Rawal

कमिश्नर सौम्या अग्रवाल के मुताबिक, स्नान पर्व की तैयारी पूरी है. स्नान घाटों पर जल पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फ्लड कंपनी पीएसी और गोताखोर तैनात किए हैं. मेले में पुलिस, पीएसी, आर ए एफ, बीडीएस, यूपी एटीएस के कमांडो के साथ ही खुफिया एजेंसियां तैनात है. पुलिस कमिश्नर के मुताबिक चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है.

मेला क्षेत्र की सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है. संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है.
माघ मेले में लगाए गए ट्रेनी कांस्टेबल्स को श्रद्धालुओं से कैसे बर्ताव करना सिखाया जा रहा है.

2:48 AM (एक महीने पहले)

त्रिवेणी संगम पर शनिवार को 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान

Posted by :- Vishnu Rawal

स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब शनिवार से ही उमड़ पड़ा था. अधिकारियों ने बताया कि 45 दिवसीय माघ मेला उत्सव के तहत शनिवार को त्रिवेणी संगम पर गंगा नदी में लगभग 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया.

Advertisement
Advertisement