राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 21 वर्षीय एक दिव्यांग छात्रा करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. छात्रा का आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के महीनों बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई. इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया.
छात्रा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जालौन जिले की रहने वाली है. वह एक हाथ से दिव्यांग है और लखनऊ में किराए पर रहकर डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय से बीए फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही है. शनिवार तड़के करीब चार बजे वह इलाके में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और खुद ही पुलिस को इसकी सूचना दी.
यह भी पढ़ें: शाम 7 बजे खुलता था ऑफिस, रात 3 बजे होता था बंद... लखनऊ में MNC नहीं, विदेशियों को ठगने वाली कंपनी चल रही थी!
सुबह-सुबह टावर पर छात्रा को देखकर स्थानीय लोगों के होश उड़ गए. कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए और छात्रा को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की गई.
'शादी का झांसा देकर रेप किया', छात्रा का आरोप
छात्रा का आरोप है कि उसके विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले एक सहपाठी ने शादी का वादा कर उसके साथ दुष्कर्म किया. जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की.
पीड़िता के मुताबिक, उसने अप्रैल महीने में पारा थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. इसके बावजूद लंबे समय तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई. छात्रा का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहा है.
उसका कहना है कि न्याय नहीं मिलने और लगातार इंतजार से परेशान होकर उसने विरोध के तौर पर मोबाइल टावर पर चढ़ने का फैसला किया, ताकि उसकी आवाज प्रशासन तक पहुंच सके.
तीन घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्रा को समझाने का प्रयास किया. हालांकि, छात्रा आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी रही और नीचे उतरने से इनकार करती रही.
करीब तीन घंटे तक टावर के नीचे अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस, स्थानीय लोगों और अन्य अधिकारियों ने लगातार छात्रा से बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे आने के लिए मनाने की कोशिश की.
आखिरकार पुलिस और स्थानीय लोगों की मध्यस्थता के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया गया. इसके बाद छात्रा सुरक्षित नीचे उतर आई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली.
पुलिस बोली- आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी
इस पूरे मामले पर पारा थाना के इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
उन्होंने कहा कि पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा.
फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित पुलिस कार्रवाई और पीड़ितों को समय पर न्याय मिलने के सवाल को चर्चा में ला दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.