उत्तर प्रदेश के कौशांबी में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए इसे हत्या नहीं बल्कि आत्महत्या बताया है. सैनी कोतवाली क्षेत्र के उसरैना गांव में शनिवार को 25 वर्षीय विवाहिता का शव घर के अंदर मिला था. शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन विस्तृत जांच के बाद पुलिस ने मामले का नया खुलासा किया है.
एसपी सत्यनारायण प्रजापत के अनुसार घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई थीं. मृतका की मां ने तहरीर देकर पति और सास पर दहेज प्रताड़ना और पति अमन के अवैध संबंधों के चलते हत्या का आरोप लगाया था. इस आधार पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
यह भी पढ़ें: प्रेमी-प्रेमिका ने डंपर के आगे लगाई छलांग, दोनों की हुई मौत... कौशांबी में प्रेम कहानी का खौफनाक अंत
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले. पता चला कि मौत से कुछ घंटे पहले मृतका ने अपने भाई आदित्य के फोन पर अपने मोबाइल से व्हाट्सएप के जरिए पति से हुई ऑडियो रिकॉर्डिंग और एक संदेश भेजा था, जिसमें बेटी का ख्याल रखने और मोबाइल का पासवर्ड बताने की बात लिखी थी. इसके बाद भाई ने कॉल किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ और बाद में मोबाइल फ्लाइट मोड पर चला गया.
कमरे की तलाशी में मिला सुसाइड नोट
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस ने मृतका के कमरे की बारीकी से तलाशी ली. कमरे में एक ताला लगा संदूक मिला, जिसे तोड़कर जांच की गई. संदूक के अंदर मृतका का मोबाइल फ्लाइट मोड में मिला और एक स्कूल की मार्कशीट के पीछे लिखा सुसाइड नोट बरामद हुआ.
सुसाइड नोट में मृतका ने लिखा था कि ससुराल के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे हैं, जिससे परेशान होकर वह आत्महत्या कर रही है. नोट पर मृतका सलोनी के हस्ताक्षर थे, जिसकी पहचान उसके भाई आदित्य ने की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह गोली लगना बताया गया.
जांच में यह भी सामने आया कि विवाह के बाद से ही मृतका का अपने पति अमन से विवाद रहता था. करीब एक साल पहले हुई शादी के बाद पति के अवैध संबंधों के कारण वह लगातार मानसिक रूप से परेशान रहती थी और अंततः उसने यह कदम उठाया.
तमंचा हटाने के आरोप में पति और सास गिरफ्तार
पुलिस जांच में एक अहम तथ्य यह भी सामने आया कि जिस तमंचे से मृतका ने खुद को गोली मारी थी, उसे उसकी सास ने घटनास्थल से हटा दिया था. प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान हथियार नहीं मिला था, लेकिन हिरासत में पूछताछ के बाद सास की निशानदेही पर तमंचा बरामद कर लिया गया.

इस आधार पर पुलिस ने मृतका के पति अमन और सास को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है.
इस खुलासे के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है. जहां शुरुआत में हत्या की आशंका थी, वहीं अब सुसाइड नोट, डिजिटल साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आत्महत्या की पुष्टि हुई है, जबकि पति और सास की गिरफ्तारी से मामले में कानूनी कार्रवाई तेज हो गई है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)