उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. यहां एक प्रेमी जोड़े ने साथ जीने की इच्छा पूरी न होने पर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का खौफनाक फैसला कर लिया. दोनों ने एक तेज रफ्तार डंपर ट्रक के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है.
कहासुनी के बाद डंबर के नीचे कूद गए दोनों
यह घटना पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के टहेरा गांव के पास की बताई जा रही है. मृतक युवक की उम्र लगभग 20 वर्ष और युवती की उम्र 18 वर्ष बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार घटना से पहले दोनों चित्रकूट मार्ग के पास खड़े थे और उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी भी हुई थी. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि थोड़ी देर बाद अचानक दोनों ने सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर के सामने छलांग लगा दी. डंपर की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. थानाध्यक्ष और क्षेत्राधिकारी जेपी पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
लंबे समय से था दोनों का प्रेम-प्रसंग
पुलिस के प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. हालांकि किसी कारणवश उनका रिश्ता आगे नहीं बढ़ पाया, जिससे वे मानसिक रूप से काफी परेशान थे. इसी तनाव के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया. इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है. दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है.