उत्तर प्रदेश के कौशांबी में एक युवती की मौत का मामला अब नया मोड़ ले चुका है. जिलाधिकारी के आदेश के बाद 9 दिन पहले दफनाए गए शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
मृतका की बहन का आरोप है कि 20 अप्रैल को गांव के ही युवक ने उसकी बहन को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद 21 अप्रैल को बिना परिवार को जानकारी दिए शव को दफना दिया गया. बहन ने आशंका जताई है कि युवती की मौत जहर खाने से हुई है और मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है.
यह भी पढ़ें: प्रेमी-प्रेमिका ने डंपर के आगे लगाई छलांग, दोनों की हुई मौत... कौशांबी में प्रेम कहानी का खौफनाक अंत
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है.
बहन की शिकायत पर खुला मामला
दरअसल, यह मामला पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के जाफरपुर महावा गांव का है. मृतका की बहन वाफिया, पुत्री मोहम्मद हुसैन ने 24 अप्रैल को जिलाधिकारी डॉ अमित पाल को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी. शिकायत में बताया गया कि उसकी सगी बहन नाजिया (23) की 20 अप्रैल को अचानक तबीयत खराब हो गई थी.
शिकायत के अनुसार गांव के ही शादाब खान उसे इलाज के लिए ले गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. आरोप है कि परिवार को बिना सूचना दिए 21 अप्रैल को शव को दफना दिया गया. बहन ने आशंका जताई कि नाजिया की मौत जहर खाने से हुई है और मामले की जांच जरूरी है.
मोबाइल रिकॉर्डिंग से बढ़ी आशंका
मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतका का मोबाइल फोन बहन ने देखा. मोबाइल में कई ऑडियो रिकॉर्डिंग मिलीं, जिनमें नाजिया और शादाब खान के बीच बातचीत दर्ज थी. रिकॉर्डिंग से सामने आया कि दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे और शादी करना चाहते थे.
इन रिकॉर्डिंग के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा. यह भी संभावना जताई जा रही है कि युवती ने जहर खुद खाया या उसे जहर देकर हत्या की गई हो. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.
डीएम के आदेश पर कब्र से निकाला गया शव
पीड़िता की शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित थाना और स्थानीय प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद 29 अप्रैल को नायब तहसीलदार ओमप्रकाश और पश्चिम शरीरा थाना प्रभारी हरीश तिवारी पुलिस टीम के साथ कब्रिस्तान पहुंचे और नाजिया के शव को कब्र से बाहर निकलवाया गया.
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले में सीओ सदर शिवाक सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.