उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां सोमवार तड़के आए भीषण आंधी-तूफान और तेज बारिश ने कहर बरपा दिया. सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के घबरा गांव में एक कच्चे मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए. इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है.
अचानक भरभराकर गिर गई छत
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 4 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ भारी बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान घबरा गांव निवासी जितेश कुमार के कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे के समय परिवार के कई सदस्य घर के अंदर सो रहे थे.
छत गिरते ही घर में मौजूद बबीता, नीलम, अविनाश, 5 साल की सोनाली और 6 माह के अभिराज समेत अन्य लोग मलबे में दब गए. चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद सभी को मलबे से बाहर निकाला गया.
दोनों मासूमों की मौत
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 5 साल की सोनाली की मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल 6 माह के अभिराज को हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन बदायूं मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया.
इस दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायलों का इलाज जारी है. राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है.