scorecardresearch
 

लड़की का किडनैप और मर्डर, कार में लादकर 6 घंटे तक घुमाई लाश, सैकड़ों किलोमीटर दूर लगाया ठिकाने

कानपुर में युवती के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान हैरान करने वाले खुलासे हुए हैं. आरोप है कि युवती की हत्या के बाद शव को गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते बुलंदशहर में फेंक दिया गया. खुद को बचाने के लिए आरोपियों ने अलग-अलग कहानियां गढ़ीं, लेकिन पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया.  

Advertisement
X
लड़की का किडनैप और मर्डर, कार में लादकर 6 घंटे तक घुमाई लाश
लड़की का किडनैप और मर्डर, कार में लादकर 6 घंटे तक घुमाई लाश

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक युवती के अपहरण और हत्या का मामला कई दिनों तक पुलिस और परिजनों को उलझाए रहा. इस सनसनीखेज घटनाक्रम में आरोपियों ने खुद को निर्दोष साबित करने और जांच को भटकाने के लिए ऐसी कहानी रची कि शुरुआत में पुलिस भी उलझ गई. हालांकि लगातार जांच और पूछताछ के बाद पूरा मामला खुल गया और दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली.

लड़की ने दर्ज कराया था छेड़खानी का केस

मामला बर्रा थाना क्षेत्र के कर्रही इलाके का है. यहां मृतक युवती अपनी मां के साथ रहती थी. परिजनों के अनुसार युवती ने कुछ समय पहले देवकांत उत्तम और विवेक पटेल के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया था. इसके बाद 25 मई को वह अचानक लापता हो गई. मां की शिकायत पर बर्रा थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.

पकड़ाने से पहले आरोपी ने खुद पर चलाई गोली

जांच के बीच घटनाक्रम ने नया मोड़ तब लिया जब आरोपी विवेक पटेल ने उन्नाव में अपने ऊपर गोली चलने की रिपोर्ट दर्ज करा दी. उसने दावा किया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे गोली मारी है. इसके बाद वह पुलिस की मदद से कानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती हो गया. दूसरी ओर अस्पताल संचालक देवकांत उत्तम ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताया और कहा कि उसे झूठा फंसाया जा रहा है. इतना ही नहीं, वह वकीलों के साथ खुद थाने पहुंच गया और जांच की मांग करने लगा.

Advertisement

किडनैप मर्डर और कार में लादकर सफर

इसी दौरान कानपुर पुलिस को उन्नाव के एक अस्पताल में कार्यरत सुरक्षा गार्ड अजीत सिंह के बारे में जानकारी मिली. पूछताछ में उसने ऐसे तथ्य बताए जिनसे जांच की दिशा बदल गई. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि देवकांत और विवेक ने लड़की को किडनैप किया था और उसकी हत्या करके कार में लादकर लाश को 300 किमी दूर गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते 6 घंटे सफर कर बुलंदशहर ले जाकर फेंक दिया था.   

बुलंदशहर में मिला अज्ञात शव

इसके बाद पुलिस ने बुलंदशहर में मिले एक अज्ञात शव की जानकारी जुटाई. जांच में पता चला कि वहां पहले ही एक शव बरामद हुआ था, जिसका पोस्टमार्टम कराया जा चुका था. पुलिस को आशंका है कि वही शव लापता युवती का हो सकता है. फिलहाल पहचान और अन्य साक्ष्यों का मिलान कराया जा रहा है.

डीसीपी देवेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है. पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं. पुलिस की एक टीम बुलंदशहर भेजी गई है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच जारी है. मामले से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement