scorecardresearch
 

कानपुर: 'मेरे घर बेटी है, तुम्हारे घर बहनें...', चाचा की इस आखिरी नसीहत के बदले भतीजे ने सीधे चला दिया फरसा

कानपुर के महाराजपुर के किशनपुर गांव में मोबाइल पर अश्लील गाना बजाने से रोकने पर भतीजे शुभम ने अपने चाचा कालीचरण की फरसे से गर्दन काटकर हत्या कर दी. वारदात के वक्त चाचा मंदिर में सो रहे थे. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए परिवार के ही चार आरोपियों को हिरासत में लिया है.

Advertisement
X
भतीजे ने चचा को फरसे से काट डाला (Photo- ITG)
भतीजे ने चचा को फरसे से काट डाला (Photo- ITG)

कानपुर के महाराजपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है. यहां मंदिर में सो रहे चाचा ने जब अपने सगे भतीजे को मर्यादा का पाठ पढ़ाते हुए अश्लील गाने बजाने से मना किया, तो आरोपी ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में चाचा की मौत हो गई. 

आपको बता दें कि महाराजपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में रात करीब 11:20 बजे मोबाइल पर तेज आवाज में अश्लील गाना बजा रहे भतीजे शुभम ने टोकने से नाराज होकर अपने सगे चाचा कालीचरण की गर्दन पर धारदार हथियार (फरसा) से हमला कर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात उस समय हुई जब मृतक भोजन करने के बाद घर के सामने बने मंदिर में सो रहे थे. 

चाचा ने भतीजे को अपनी बेटी और खुद की बहनों का हवाला देकर ऐसे गाने न बजाने की नसीहत दी थी, जिससे गुस्साए भतीजे और उसके घरवालों ने विवाद किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया है.

मर्यादा का पाठ पढ़ाने पर हत्या

किशनपुर गांव के रहने वाले कालीचरण रोज की तरह बुधवार की रात को खाना खाकर अपने घर के सामने स्थित मंदिर में लेटे थे. इसी बीच बगल के घर में रहने वाला उनका भतीजा शुभम मोबाइल पर तेज आवाज में अश्लील गाना बजाने लगा. सन्नाटे में आवाज गूंजने पर चाचा ने उसे समझाते हुए कहा कि घर में बेटियां और बहनें हैं, ऐसा गाना मत बजाओ. इस बात पर शुभम और उसके घरवाले कालीचरण से ही बहस करने लगे.

Advertisement

बेटी के सामने पिता पर वार

विवाद बढ़ने पर आरोपी शुभम अचानक अपने घर के अंदर से फरसा निकाल लाया. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने अपनी चचेरी बहन निशा और परिवार के सामने ही चाचा कालीचरण की गर्दन पर जोरदार वार कर दिया. पिता पर हमला होते ही बेटी निशा और परिजन स्तब्ध रह गए और उन्होंने तुरंत इस खौफनाक वारदात की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी.

पुलिस ने चार को लिया हिरासत में

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. गंभीर रूप से घायल कालीचरण को तुरंत हैलट अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. निशा की तहरीर और परिजनों के आरोपों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिवार के ही चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस पकड़े गए लोगों से कड़ाई से गहन पूछताछ कर रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement