scorecardresearch
 

कार खरीदने पहुंचा युवक, डीलर से बोला- पहले चलाकर देखनी है, फिर अचानक XUV लेकर भाग निकला

एक युवक झांसी के कार बाजार में दाखिल हुआ, जहां सेकेंड हैंड कारें बिकती हैं. उसने गाड़ी देखी, सवाल पूछे, कीमत पर बात की. सब कुछ वैसा ही था जैसा हर रोज होता है. फिर उसने कहा, एक बार टेस्ट ड्राइव कर लेते हैं. डीलर ने भरोसे पर कार दे दी, फिर रास्ते से युवक लाखों की एक्सयूवी लेकर फरार हो गया.

Advertisement
X
आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हुई पूरी घटना. (Photo: Screengrab)
आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हुई पूरी घटना. (Photo: Screengrab)

कार खरीदने कोई ग्राहक आए, गाड़ी देखे, भाव-ताव करे और फिर टेस्ट ड्राइव मांगे. इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है. लेकिन झांसी में एक कार कारोबारी के साथ जो हुआ, वो हैरान कर देने वाला है. दरअसल, एक युवक टेस्ट ड्राइव के बहाने लाखों की एक्सयूवी लेकर फरार हो गया. यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है.

यह कहानी झांसी के सीपरी बाजार इलाके की है. यहां नंदनपुरा में दयासागर साहू सेकेंड हैंड कारों का कारोबार करते हैं. उनकी दुकान पर बिक्री के लिए एक XUV 500 खड़ी थी. शुक्रवार सुबह एक युवक वहां पहुंचा. उसने खुद को मध्य प्रदेश के दतिया का रहने वाला बताया. गाड़ी देखी, खूब पूछताछ की, कीमत पर बात की और फिर कहा- टेस्ट ड्राइव करनी है.

jhansi fake customer flees with xuv during test drive car dealer duped

सब कुछ सामान्य लग रहा था. इसलिए दयासागर साहू ने अपने बेटे रोशन साहू को युवक के साथ भेज दिया. टेस्ट ड्राइव के दौरान युवक खुद गाड़ी चला रहा था. रास्ते में उसने कहा कि गाड़ी में डीजल कम है, पहले तेल भरवा लेते हैं. दोनों बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप पर पहुंचे. 500 रुपये का डीजल डलवाने की बात हुई.

यह भी पढ़ें: इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से कार चोरी करने वाला हाईटेक चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, दोगुनी कीमत में सप्लाई करता था पुरानी गाड़ी

Advertisement

रोशन साहू गाड़ी से उतरकर पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ डीजल भरवाने लगे. अभी करीब 300 रुपये का ही डीजल भरा गया था कि तभी युवक ने अचानक एक्सीलेटर दबाया और XUV लेकर निकल गया. इतना अचानक कि पेट्रोल पंप कर्मचारी के हाथ में डीजल का नोजल ही रह गया और गाड़ी आंखों के सामने सड़क पर गायब हो गई.

रोशन साहू ने शोर मचाया, लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. आरोपी रक्सा-शिवपुरी रोड की तरफ भाग चुका था. यह पूरा घटनाक्रम CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गया. कार बाजार, पेट्रोल पंप और आसपास के कैमरों में आरोपी की तस्वीरें कैद हुई हैं.

jhansi fake customer flees with xuv during test drive car dealer duped

घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी. पीड़ित का कहना है कि घटना से जुड़े कई CCTV फुटेज उनके पास मौजूद हैं, जिनमें आरोपी युवक का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है.

पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है और पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है. रोशन साहू का कहना है कि युवक शुरू से ही खुद को दतिया का रहने वाला बता रहा था. उसने गाड़ी खरीदने में काफी दिलचस्पी दिखाई, इसलिए किसी को शक नहीं हुआ. लेकिन टेस्ट ड्राइव के बहाने वह लाखों की XUV लेकर फरार हो गया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement