scorecardresearch
 

हमीरपुर में बारात पर बरसीं लाठियां: दबंगों ने दूल्हे को कार से खींचकर पीटा, सिर फोड़ा, फिर लहूलुहान हालत में दुल्हन लेने गया युवक

हमीरपुर के राठ इलाके में पुरानी रंजिश के चलते दर्जन भर दबंगों ने बारात की कार रोककर दूल्हे और उसके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया. लाठी-डंडों से दूल्हे का सिर फोड़ दिया गया और कार चकनाचूर कर दी गई. इसके बाद घायल दूल्हा अस्पताल में पट्टी बंधवाकर विवाह रचाने बांदा रवाना हुआ.

Advertisement
X
हमीरपुर: दबंगों ने लाठियों से सिर फोड़कर दूल्हे को किया लहूलुहान (Photo- ITG)
हमीरपुर: दबंगों ने लाठियों से सिर फोड़कर दूल्हे को किया लहूलुहान (Photo- ITG)

Uttar Pradesh News: हमीरपुर जिले के राठ थाना क्षेत्र के बसेला गांव के पास गुरुवार की शाम को बाइक सवार दर्जन भर दबंगों ने बारात की एक कार को रोककर खूनी संघर्ष को अंजाम दिया. कैथा गांव के निवासी अंबर ने पुरानी रंजिश के कारण अपने साथियों के साथ मिलकर झिन्ना वीरा गांव से बांदा जा रही बारात को निशाना बनाया. हमलावरों ने कार में मौजूद दूल्हे मुन्नीलाल, उसके भाई जगदेव और मासूम बच्चों पर लाठी-डंडों से हमला किया. इस हमले में दूल्हे का सिर फट गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

बीच सड़क तांडव: कार से खींचकर दूल्हे को किया लहूलुहान

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि दबंग किस कदर बेखौफ हैं. घात लगाकर बैठे हमलावरों ने बारात की गाड़ी के आगे बाइकें लगा दीं और फिर शुरू हुआ लाठियों का तांडव. दबंगों ने दूल्हे मुन्नीलाल और उसके भाई जगदेव को कार से बाहर खींच लिया और बेरहमी से पीटा. हमले के दौरान कार के शीशे तोड़ दिए गए. चीख-पुकार मचने के बावजूद हमलावर रुके नहीं और दूल्हे का सिर फोड़ दिया.

मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा, दहशत में ग्रामीण

दबंगों की इस बर्बरता की चपेट में दूल्हे की भांजी रूपाली, पुत्र गगन और पुत्री अमृता भी आए. पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए दबंगों ने छोटे बच्चों और महिलाओं तक का लिहाज नहीं किया. इस वारदात से इलाके के नागरिकों में भारी दहशत व्याप्त है. हमले के बाद सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

Advertisement

अस्पताल में पट्टी बंधवाई और फिर दुल्हन लाने निकला दूल्हा

हमले में गंभीर रूप से घायल दूल्हे मुन्नीलाल और उसके परिजनों को तत्काल राठ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने दूल्हे के सिर और शरीर पर आई चोटों का प्राथमिक उपचार किया. हिम्मत की बात यह रही कि सिर पर पट्टी बंधवाने के बाद भी दूल्हा पीछे नहीं हटा. वह उसी लहूलुहान और घायल अवस्था में दूसरी कार से दुल्हन लेने के लिए बांदा के बबेरू क्षेत्र के लिए रवाना हो गया.

पुलिस की कार्रवाई: मुकदमा दर्ज करने की तैयारी

राठ के क्षेत्राधिकारी (CO) राजीव प्रताप सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को उपचार के लिए भेजा गया. सभी पीड़ितों का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है. पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर दबंगों की पहचान की जा रही है और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement