उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक युवक का शव टॉयलेट की छत पर मिलने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. पुलिस का कहना है कि युवक के हाथ में कंडोम का पैकेट था. उसके मुंह से झाग आ रहा था और शरीर पर कपड़े नहीं थे. इस परिस्थिति में हत्या, साजिश और अवैध संबंध जैसे कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
घटना गगहा थाना क्षेत्र के रावत पार गांव की है. गुरुवार को ग्रामीणों ने हाइवे के पास स्थित एक आटा चक्की के पीछे बने टॉयलेट की छत पर युवक की लाश देखी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सूचना पुलिस को दी गई.
मृतक की पहचान ऋषभ के रूप में हुई. ऋषभ हाल ही में बैंकॉक से अपने गांव लौटा था. बैंकॉक में वह अपने पिता के साथ रहकर काम करता था. परिजनों के अनुसार, वह अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए विदेश से आया था. शादी के बाद पिता वापस लौट गए, वहीं ऋषभ गांव में रुक गया था.

हैरानी की बात यह है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शव न्यूड हालत में टॉयलेट की छत पर पड़ा था. हाथ में कंडोम का पैकेट था, जबकि कपड़े पास में ही एक पेड़ पर टंगे मिले. इसके अलावा, शव के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है.
यह भी पढ़ें: बेटे को देख बेसुध हुए पिता... बोले- आरोपी का एनकाउंटर हो, वाराणसी में BSc छात्र की हत्या पर बवाल
पुलिस ने तत्काल मौके को घेरकर जांच शुरू की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में पुलिस कई एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है.

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (साउथ) दिनेश पुरी ने बताया कि युवक की लाश टॉयलेट की छत पर मिली है. परिस्थितियां संदिग्ध हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस हत्या और अवैध संबंध दोनों एंगल से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा.
घटना को लेकर परिजनों का रो-रोक बुरा हाल
वहीं घटना को लेकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. ऋषभ परिवार में सबसे बड़ा बेटा था. उसकी शादी साल 2019 में हुई थी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र 6 साल और दूसरे की 3 साल है. अचानक इस तरह हुई मौत से परिवार सदमे में है.
हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है. फिलहाल, पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास के सबूत जुटाए जा रहे हैं. साथ ही, मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके.