गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र स्थित राप्ती नदी के सीसई घाट पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां गर्मी से राहत पाने और सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के दौरान दो युवकों की नदी में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए.
रील बनाते समय अचानक डूबे
जानकारी के अनुसार सहजनवां क्षेत्र के रहने वाले सात दोस्त शनिवार को गर्मी से राहत पाने के लिए राप्ती नदी के सीसई घाट पर नहाने पहुंचे थे. सभी दोस्त नदी में नहाने के साथ-साथ मोबाइल से वीडियो और रील भी बना रहे थे. इसी दौरान दो युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए. बताया जा रहा है कि दोनों को तैरना नहीं आता था या फिर पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाया, जिसके चलते वे डूबने लगे.
साथ मौजूद दोस्तों ने जब उन्हें पानी में डूबते देखा तो शोर मचाया और बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों युवक गहरे पानी में समा चुके थे. घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पीपीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया.
काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने दोनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले. मृतकों की पहचान सहजनवां क्षेत्र के निवासी जयहिंद और शिवम के रूप में हुई है. हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया. परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
परिजनों का रो-रो कर हुआ बुरा हाल
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी, तालाब या अन्य जलाशयों में नहाते समय सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें.
इस हादसे ने एक बार फिर नदी में नहाने और रील बनाने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही के खतरों को उजागर कर दिया है. कुछ ही देर पहले तक मौज-मस्ती कर रहे दोस्तों का समूह देखते ही देखते मातम में बदल गया और दो परिवारों के घरों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.