
यूपी के गोरखपुर में मॉर्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी. हमलावरों ने घर से महज 500 मीटर दूर उन्हें घेरकर सिर, सीने और चेहरे पर कई वार किए. घायल अवस्था में राजकुमार करीब 100 मीटर तक भागे, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर दोबारा हमला किया. हैरत की बात यह है कि हत्यारे तब तक मौके पर मौजूद रहे जब तक राजकुमार की मौत सुनिश्चित नहीं हो गई. इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है और अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
आपको बता दें कि पूरा मामला चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा का है, जहां मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मार्निंग वॉक पर निकले पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की बदमाशों ने हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया फिर उन पर कई वार किए.
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राजकुमार चौहान करीब 100 मीटर तक जान बचाने के लिए भागे, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर दोबारा हमला कर दिया. स्थानीय अभिषेक सिंह ने बताया कि उनकी पुरानी रंजिश थी. हालांकि, इलाके में छवि बहुत अच्छी थी. किसी से लड़ाई नहीं थी. मेहनत कर आगे बढ़े थे.

वहीं, मृतक राजकुमार चौहान की पत्नी ने कहा कि जान का बदला जान चाहिए. हमारा सुहाग उजड़ गया, उनका भी उजड़ना चाहिए. मृतक के भाई ने बताया कि भैया सुबह टहलने गए थे. उन्हें गोली मारी गई और चाकू मारे गए. भैया विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे थे.
फिलहाल, गोरखपुर के चिलुआताल में पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है. एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार के मुताबिक, तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर 7 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पैदल आए हमलावरों ने हत्या के बाद मौत की पुष्टि होने तक इंतजार किया और फिर फरार हो गए. पुलिस ने मौके पर भारी बल तैनात कर दिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. शव मोर्चरी में है और पुलिस की कई टीमें बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं.