scorecardresearch
 

'अभी लौटकर आता हूं दादी...' गोरखपुर में साइकिल लेकर निकला मासूम, फिर मिली पड़ोसी के बेसमेंट में लाश

गोरखपुर के खजनी में सर्राफा कारोबारी के 10 वर्षीय पौत्र वैभव की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई. पुलिस ने शव पड़ोस के सर्वेश भट्ट के घर के बेसमेंट से बरामद कर आरोपी को हिरासत में लिया है. मां के निधन के एक माह बाद हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है.

Advertisement
X
मृतक वैभव वर्मा और हत्यारोपी सर्वेश भट्ट (Photo- ITG)
मृतक वैभव वर्मा और हत्यारोपी सर्वेश भट्ट (Photo- ITG)

यूपी के गोरखपुर में एक सर्राफा कारोबारी के 10 वर्षीय पौत्र वैभव वर्मा की हत्या कर दी गई. अपहरण के बाद उसका शव पड़ोसी सर्वेश भट्ट के बेसमेंट से बरामद हुआ. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है. जांच-पड़ताल की जा रही है. 

आपको बता दें कि सर्राफा कारोबारी के पौत्र वैभव की हत्या के मामले में पहले अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ था. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी. इस बीच खजनी पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम को मंगलवार की सुबह पड़ोस में रहने वाले सर्वेश के बेसमेंट में वैभव का शव मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पड़ोसी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. वहीं, मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. 

जानकारी के मुताबिक, खजनी कस्बे के सर्राफा कारोबारी लक्ष्मी नारायण वर्मा का 10 वर्षीय पौत्र वैभव वर्मा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे नवल्स एकेडमी से घर लौटा था. घर पहुंचने के बाद उसने स्कूल बैग रखा, यूनिफॉर्म बदली और नई साइकिल लेकर घर से निकल गया.

दादी ने उसे खाना खाने के लिए आवाज दी, लेकिन उसने कुछ देर में लौटने की बात कहकर साइकिल उठा ली. करीब आधे घंटे बाद परिवार को सूचना मिली कि वैभव की साइकिल घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे लावारिस खड़ी है. तलाश करने पर पास के खाली खेत में उसके एक पैर की चप्पल भी मिली. साइकिल और चप्पल मिलने के बाद अपहरण की आशंका गहरा गई. सूचना मिलते ही खजनी पुलिस, क्षेत्राधिकारी मनीष कुमार शर्मा और बाद में क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची.

Advertisement

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोपहर 2:07 बजे वैभव अपनी साइकिल के साथ एक दूसरी गली में जाता दिखाई दिया. इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बच्चे की तलाश के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की थीं. खजनी के साथ पूरे जिले में नाकाबंदी कराई गई.

रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और जिले से बाहर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई. पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं पर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले.

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि पड़ोस में रहने वाला सर्वेश भट्ट अपने साथ वैभव को ले गया था. इसके बाद पुलिस ने सर्वेश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर उसके घर के बेसमेंट से वैभव का शव बरामद हुआ. शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. करीब एक माह पहले ही वैभव की मां श्वेता वर्मा का लंबी बीमारी के बाद निधन हुआ था. तीन भाइयों में सबसे छोटा वैभव परिवार का दुलारा था.

Advertisement

मां की मौत के गम से उबर भी नहीं पाए परिवार को अब बेटे की हत्या ने झकझोर दिया है. एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.

गोरखपुर हत्याकांड में आरोपी सर्वेश उर्फ बिट्टू शर्मा को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया है. वह बच्चों को कंप्यूटर सिखाता है. पुलिस को कड़ाई से पूछताछ के दौरान उसके घर के बेसमेंट से बोरे में बंद बच्चे का शव मिला. हालांकि, आरोपी ने हत्या किस वजह से की, इसका खुलासा पुलिस और परिवार के सामने अभी तक नहीं हो सका है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement