scorecardresearch
 

गाजियाबाद: रेप आरोपी के जेल से बाहर आते ही रोड शो, फूल-मालाओं से स्वागत, वीडियो वायरल

गाजियाबाद में एलएलबी छात्रा से रेप के आरोपी सुशील प्रजापति की जमानत पर रिहाई के बाद समर्थकों द्वारा जेल गेट पर भव्य स्वागत का वीडियो वायरल हो रहा है. हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व नगर अध्यक्ष के समर्थकों ने फूल-मालाएं पहनाकर और गाड़ियों का काफिला निकालकर नारेबाजी की, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
आरोपी सुशील प्रजापति हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व नगर अध्यक्ष रहा है (Photo- Screengrab)
आरोपी सुशील प्रजापति हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व नगर अध्यक्ष रहा है (Photo- Screengrab)

गाजियाबाद में एलएलबी छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी और हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व नगर अध्यक्ष सुशील प्रजापति के 17 मई को जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने गाड़ियों का काफिला निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया. समर्थकों ने जेल गेट पर आरोपी का फूल-मालाओं से स्वागत किया और जमकर नारेबाजी की. मुरादनगर थाना पुलिस ने 11 अगस्त 2025 को 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. करीब नौ महीने बाद जमानत पर रिहा हुए आरोपी के इस स्वागत समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

चैंबर दिलाने के बहाने फंसाने का आरोप

पूरा मामला 8 अगस्त 2025 को सामने आया था, जब मोदीनगर की रहने वाली एक एलएलबी छात्रा ने मुरादनगर थाने में सुशील प्रजापति के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था. पीड़िता के अनुसार, नवंबर 2021 में उसकी मुलाकात सुशील से हुई थी. 

छात्रा लॉ की पढ़ाई के साथ मेरठ कोर्ट में एक वरिष्ठ अधिवक्ता के पास प्रैक्टिस कर रही थी. आरोपी ने उसे गाजियाबाद कोर्ट में चैंबर दिलाने और प्रैक्टिस में मदद का भरोसा देकर अपने जाल में फंसाया और लगातार संपर्क में रहने लगा.

नशीला पदार्थ देकर किया दुष्कर्म

पीड़िता का आरोप है कि गाजियाबाद कोर्ट में व्यवस्था कराने के बहाने आरोपी उसे अपनी थार गाड़ी से एक फ्लैट पर ले गया. वहां छात्रा को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया. वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसकी हत्या करवा दी जाएगी. इसके बाद आरोपी उसे सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया था.

Advertisement

इनाम घोषित होने के बाद हुई थी गिरफ्तारी

छात्रा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी सुशील प्रजापति पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. इसके बाद 11 अगस्त 2025 को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इससे पहले जब आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी, तब भी कुछ संगठनों के कार्यकर्ता मुरादनगर थाने पहुंच गए थे और वहां जमकर हंगामा और विरोध प्रदर्शन किया गया था. अब करीब नौ महीने जेल में रहने के बाद आरोपी जमानत पर बाहर आया है.

वीडियो वायरल होने पर जांच में जुटी पुलिस

जमानत पर रिहाई के बाद समर्थकों द्वारा निकाले गए जुलूस और स्वागत कार्यक्रम ने अब कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वायरल वीडियो में समर्थक आरोपी पर फूल बरसाते और नारेबाजी करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं. इस पूरे घटनाक्रम पर डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने कहा कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है. पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement