scorecardresearch
 

'NEET का कोई टेंशन नहीं...', Video बनाकर री-नीट परीक्षा से दो दिन पहले छात्र ने दी जान

गाजियाबाद में री-NEET परीक्षा से दो दिन पहले 22 वर्षीय छात्र ने फंदा लगाकर जान दे दी. घटना से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें कहा कि उस पर किसी तरह का दबाव नहीं है और परीक्षा को लेकर भी तनाव नहीं है. पुलिस ने वीडियो को जांच में शामिल कर सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है.

Advertisement
X
पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी.(Photo: Mayank Gaur/ITG)
पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी.(Photo: Mayank Gaur/ITG)

गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में री-NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. छात्र ने परीक्षा से दो दिन पहले अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी. घटना के बाद पुलिस को उसके मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसे जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है.

मृतक की पहचान प्रताप विहार सेक्टर-9 निवासी जतिन कुमार के रूप में हुई है. वह 21 जून को होने वाली री-NEET परीक्षा की तैयारी कर रहा था. परिजनों के मुताबिक वह देर रात तक अपने कमरे में पढ़ाई और टहलता हुआ दिखाई दिया था.

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद में घर में घुसकर दो बहनों को मारी गोली, शादी टूटने से नाराज था आरोपी

शुक्रवार सुबह जब परिवार के लोग उसे जगाने पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिला. सूचना मिलते ही विजयनगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. कमरे में पंखे से बंधा फंदा टूटा हुआ मिला, जबकि शव फर्श पर पड़ा था. इसके बाद पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी.

मोबाइल में मिला वीडियो, पुलिस ने जांच में किया शामिल

जांच के दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल फोन से करीब एक मिनट चार सेकंड का वीडियो मिला. पुलिस के अनुसार वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, वीडियो में छात्र ने अपने स्टडी रूम का दृश्य दिखाया है. उसने यह भी कहा कि उस पर किसी तरह का दबाव नहीं है और परीक्षा को लेकर भी कोई तनाव नहीं है. उसने यह भी उल्लेख किया कि उसके पिता ने उसे परीक्षा को लेकर तनाव न लेने की सलाह दी थी.

पुलिस फिलहाल वीडियो की रिकॉर्डिंग, परिस्थितियों और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा.

परिवार बोला- रात तक सब कुछ सामान्य था

परिजनों का कहना है कि घटना से पहले तक जतिन का व्यवहार पूरी तरह सामान्य था. वह रात करीब 8 बजे तक अपने दादा से बातचीत कर रहा था और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सामान्य ढंग से खाना भी खाया था. किसी को भी उसके इस तरह का कदम उठाने का अंदेशा नहीं था.

मृतक परिवार का इकलौता बेटा था. उसके पिता एक सरकारी विभाग में कार्यरत हैं, जबकि मां गृहिणी हैं. उसकी छोटी बहन इंटरमीडिएट की छात्रा है. घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. परिजनों ने फिलहाल इस मामले में कोई सार्वजनिक बयान देने से इनकार किया है.

परिवार से जुड़े करीबी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें कभी नहीं लगा कि छात्र किसी तरह के परीक्षा दबाव में था. उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन फिलहाल पुलिस के पास है और वीडियो के बारे में पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी.

Advertisement

पुलिस का क्या कहना है?

मामले में एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि युवक के मोबाइल फोन से एक वीडियो बरामद हुआ है, जिसे जांच में शामिल किया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल किसी भी संभावित कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement