scorecardresearch
 

शाहजहांपुर: अस्पताल बना 'मयखाना', नशे में टल्ली कर्मचारी ने डॉक्टर की कुर्सी पर ही कर दी पेशाब

यूपी के शाहजहांपुर में स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला वीडियो सामने आया है. खुटार सीएचसी में तैनात एक ऑप्टोमेट्रिस्ट ने नेत्र अधीक्षक के चेंबर में बैठकर इतनी शराब पी कि अपनी पैंट तक गीली कर ली. अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है.

Advertisement
X
शाहजहांपुर के सीएचसी में आप्टोमेट्रिस्ट का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab)
शाहजहांपुर के सीएचसी में आप्टोमेट्रिस्ट का वीडियो वायरल (Photo- Screengrab)

UP News: शाहजहांपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खुटार में रविवार शाम सात बजे आप्टोमेट्रिस्ट हरिकेश कुमार नशे की बेहद बुरी हालत में पाए गए. ड्यूटी न होने के बावजूद हरिकेश अपने एक सहकर्मी के साथ नेत्र चिकित्सक के चेंबर में बैठकर शराब पी रहे थे. शराब का नशा इतना ज्यादा था कि उन्होंने डॉक्टर की कुर्सी पर बैठे-बैठे ही पैंट में पेशाब कर दी. मामला तब खुला जब सड़क हादसे के कुछ घायल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे और वहां का नजारा देखकर विरोध करने लगे. लोगों के टोकने पर कर्मचारी हेलमेट लगाकर लड़खड़ाते हुए बाहर निकलने लगा, जिसका वीडियो अब वायरल है.

चेंबर में जाम और पैंट में पेशाब

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटार में तैनात हरिकेश कुमार आरबीएसके टीम का हिस्सा हैं. रविवार को छुट्टी होने के बाद भी वे अस्पताल पहुंचे और सरकारी चेंबर को मयखाना बना दिया. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि वे नशे में इतने चूर थे कि उन्हें अपनी सुध-बुध तक नहीं थी. जब मरीजों के तीमारदारों ने उन्हें टोका तो वे उटपटांग बातें करने लगे. लोगों ने जब उनकी गीली पैंट की तरफ इशारा किया तो वे खुद को बेगुनाह बताने की कोशिश करते हुए वहां से भागने लगे.

'तुम लोग तो मेरे दादा हो'

हादसे में घायल हुए लोगों के साथ आए तीमारदारों ने जब कर्मचारी की इस हालत पर आपत्ति जताई, तो हरिकेश कुमार आग बबूला हो गए. नशे की हालत में उन्होंने लोगों से कहा, "तुम लोग तो मेरे दादा हो, मैं तो आज छुट्टी पर हूं." उन्होंने शराब पीने की बात से साफ इनकार कर दिया, लेकिन उनकी लड़खड़ाती जुबान और गीली पैंट उनकी हकीकत बयां कर रही थी. इस घटना ने सरकारी अस्पतालों की सुरक्षा और वहां शाम के समय होने वाली गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement

सीएमओ ने दिए जांच के आदेश

वीडियो वायरल होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) विवेक मिश्रा ने मामले का कड़ा संज्ञान लिया है. सीएमओ ने बताया कि खुटार सीएचसी के आप्टोमेट्रिस्ट हरिकेश कुमार का एक बेहद आपत्तिजनक वीडियो मिला है, जिसमें वे चिकित्सक की कुर्सी पर अपमानजनक स्थिति में बैठे नजर आ रहे हैं. उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को इस मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं. विवेक मिश्रा का कहना है कि जांच रिपोर्ट आते ही आरोपी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement