उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शुक्रवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में एक साल की बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए. हादसा नरौरा थाना क्षेत्र में रतनपुर और खेरिया गांवों के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक शिव मंदिर के पास हुआ. तेज रफ्तार ईको कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े जामुन के पेड़ से टकरा गई.
पुलिस के मुताबिक, हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे हुआ. कार डिबाई की तरफ से आ रही थी. स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर हल्का मोड़ आने पर तेज रफ्तार वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और करीब चार मीटर दूर खड़े बड़े जामुन के पेड़ से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार लोग अंदर फंस गए.
यह भी पढ़ें: 'कभी सावन तो कभी हेलीपैड पर पानी का बहाना...' अखिलेश यादव की बुलंदशहर रैली पर रार, यूपी सरकार पर बरसे सपा मुखिया
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और शिव मंदिर के पास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की. इसके बाद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम ने सभी आठ लोगों को डिबाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पांच को मृत घोषित कर दिया.
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, तीन घायल
पुलिस ने मृतकों की पहचान लोकेन्द्र (28), उनकी एक साल की बेटी प्रगति, रामदीन (50), बबीता (35) और कार चालक शिवशंकर उर्फ शिवशेखर मिश्रा (55) के रूप में की है. रामदीन, लोकेन्द्र के पिता और प्रगति के दादा थे. वहीं, बबीता प्रवीण कुमार की पत्नी थीं. हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान चली गई.
घायलों में लोकेन्द्र की पत्नी ललित (20), प्रवीण कुमार के बच्चे प्रतीक (4) और अनिका (11) शामिल हैं. प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. उनकी हालत और स्वास्थ्य से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.
SDM और CO ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
हादसे की सूचना मिलने पर डिबाई के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. उपजिलाधिकारी रविकांत चौबे और क्षेत्राधिकारी मधुप सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से हादसे के हालात के बारे में जानकारी ली.
पुलिस ने बताया कि पंचनामा संबंधी कार्रवाई पूरी करने के बाद पांचों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.