उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने देवरिया में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन, मेडिकल कॉलेज में वृक्षारोपण और योग कक्ष के उद्घाटन के दौरान पत्रकारों से बातचीत की. उन्होंने लखनऊ में समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे महज एक चुनावी दिखावा और मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया.
डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा के दांत खाने के और दिखाने के और हैं, इसलिए जनता उन पर कभी भरोसा नहीं करेगी. इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर अखिलेश यादव के आरोपों का जवाब देते हुए बाबरी मस्जिद के चंदे पर सवाल दाग दिया.
'सपा के डीएनए में सिर्फ मुस्लिम तुष्टिकरण'
सपा के ब्राह्मण सम्मेलन के सवाल पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के डीएनए में केवल मुस्लिम तुष्टिकरण ही है. उनके दिखाने के दांत अलग हैं और खाने के अलग हैं, इसलिए उन पर कोई भी समाज भरोसा नहीं करेगा. उन्होंने सपा को घेरते हुए सीधे तौर पर कहा कि यह केवल मौलाना लोगों की पार्टी है और इनका कोई भरोसा नहीं है.
चंदा चोरी के आरोपों पर एसआईटी जांच का हवाला
अखिलेश यादव द्वारा राम मंदिर चंदा चोरी का मुद्दा उठाए जाने पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि इस मामले में एसआईटी जांच चल रही है और रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होनी तय है. उन्होंने सपा मुखिया से पलटकर सवाल किया कि बाबरी मस्जिद को बनाने के लिए जो चंदा इकट्ठा हुआ था, वह कहां गया और उस पर वे सवाल क्यों नहीं उठाते?
तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति का आरोप
डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि सपा मुखिया केवल सनातन संस्कृति पर बयानबाजी करके तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं. उन्हें लगता है कि ऐसा करने से उनका वोट बैंक सुरक्षित हो जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब समझती है कि ये राम भक्तों पर गोली चलाने वाले लोग हैं और जनता इन्हें कभी माफ नहीं करेगी.