scorecardresearch
 

डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के आवास पर हुई BJP कोर कमेटी की बैठक, CM योगी रहे गैरमैजूद

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर रविवार को बीजेपी कोर कमेटी की अहम बैठक हुई, जिसमें संगठन विस्तार और नए पदाधिकारियों के नामों पर मंथन हुआ. बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अनुपस्थिति को विपक्ष मुद्दा बना रहा है. हालांकि, वह नोएडा दौरे पर होने के कारण इस बैठक में नहीं शामिल हो सके.

Advertisement
X
यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई. (Photo: X/@brajeshpathakup)
यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक हुई. (Photo: X/@brajeshpathakup)

लखनऊ में रविवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर स्टेट बीजेपी कोर कमेटी की एक अहम बैठक हुई. इस बैठक में नए पदाधिकारियों के नामों को लेकर चर्चा की गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नोएडा दौरे पर होने के कारण बैठक उनके बिना ही संपन्न हुई. हालांकि, विपक्ष इसे मुद्दा बना रहा है. बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहे.

बता दें कि सीएम योगी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रविवार को गौतम बुध नगर के दौरे पर थे. बताया जा रहा है कि प्रदेश पदाधिकारियों के साथ-साथ बीजेपी के विभिन्न मोर्चों, फ्रंटल ऑर्गनाइजेशन और क्षेत्रीय पदाधिकारियों के नामों को लेकर भी मंथन जारी है. आने वाले दिनों में इस तरह की कई और बैठकें होने की संभावना है. यह पहली बार है जब योगी सरकार के 9 साल के कार्यकाल में बीजेपी कोर कमेटी की बैठक उपमुख्यमंत्री के आवास पर हुई है.

इससे पहले ऐसी बैठकें हमेशा 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास या बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में होती थीं. ऐसी बैठकों में आरएसएस, सरकार और बीजेपी के बीच हुई समन्वय बैठक में लिए गए फैसलों को लागू करने के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है. बीजेपी ने 30 मार्च तक सभी जिलों में जिला कार्यकारिणी का गठन करने का लक्ष्य रखा है, जबकि 15 अप्रैल तक प्रदेश टीम का ऐलान होना है .इसके अलावा 15 मई तक सभी निगमों, आयोगों और बोर्डों में राजनीतिक नियुक्तियां पूरी करने की योजना है.

Advertisement

सूत्रों के मुताबिक, पंचायत चुनावों के लिए ओबीसी आयोग के गठन, राजनीतिक नियुक्तियों और प्रदेश संगठन के ढांचे को लेकर भी इस बैठक में विस्तार से चर्चा की गई. इस बैठक के बाद बृजेश पाठक ने एक्स पर फोटो शेयर करते हुए लिखा कि आज आवास पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह से सपत्नीक शिष्टाचार भेंटकर कुशलक्षेम जाना. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब करीब एक साल का समय बचा है. राज्य में इलेक्शन मोड में जाने से पहले बीजेपी अपनी तैयारी पुख्ता करना चाहती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement