scorecardresearch
 

बारिश के पानी से भरे नाले में खेलते-खेलते उतरीं दो बहनें, गहरे पानी ने छीन ली दोनों की जिंदगी

बांदा जिले में बारिश के पानी से भरे नाले में नहाने के दौरान दो चचेरी बहनों की डूबने से मौत हो गई. दोनों खेलते-खेलते नाले तक पहुंची थीं. काफी देर तक तलाश के बाद उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं.

Advertisement
X
नाले के पानी में डूबने से दो बहनों की मौत. (Photo: ITG)
नाले के पानी में डूबने से दो बहनों की मौत. (Photo: ITG)

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. बिसंडा थाना क्षेत्र के हस्तम गांव में बारिश के पानी से भरे नाले में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत हो गई. दोनों बच्चियां खेलते-खेलते नाले तक पहुंची थीं और नहाने के दौरान गहरे पानी में समा गईं. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चियों की पहचान 7 वर्षीय राधिका और 9 वर्षीय अंशिका के रूप में हुई है. राधिका हस्तम गांव की रहने वाली थी, जबकि अंशिका दिवली, कोतवाली नरैनी की निवासी थी. बताया गया कि अंशिका कुछ दिन पहले अपनी बुआ के घर आई हुई थी. दोनों चचेरी बहनें गांव में खेल रही थीं. इसी दौरान वे बारिश के पानी से भरे नाले के पास पहुंच गईं और नहाने लगीं. नाले में बने गहरे गड्ढे का उन्हें अंदाजा नहीं था. नहाते समय दोनों अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं.

बारिश का पानी बना जानलेवा

कुछ देर बाद आसपास मौजूद लोगों की नजर नाले की ओर गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चियों की तलाश शुरू की. काफी देर की खोजबीन के बाद दोनों को नाले से बाहर निकाला गया. परिजन दोनों बच्चियों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया. गांव में भी मातम का माहौल है.

Advertisement

पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मामले में राजस्व विभाग के साथ मिलकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. कुछ देर पहले तक साथ खेल रही दोनों चचेरी बहनें देखते ही देखते हमेशा के लिए इस दुनिया से चली गईं. परिवार और गांव के लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement