scorecardresearch
 

UP के बदायूं में दिनदहाड़े मर्डर... HPCL एथेनॉल प्लांट में घुसकर GM और AGM की गोली मारकर हत्या

बदायूं में एचपीसीएल एथेनॉल प्लांट में आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू ने जनरल मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई. बीच-बचाव करने पहुंचे एजीएम हर्षित मिश्रा पर भी फायरिंग की गई और उनकी भी मौत हो गई. आरोपी पहले प्लांट में वेंडर था और नौकरी से निकाले जाने के बाद नाराज चल रहा था.

Advertisement
X
नाराज वेंडर बना कातिल.(Photo: Screengrab)
नाराज वेंडर बना कातिल.(Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. कोतवाली दातागंज क्षेत्र के ग्राम सहजनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के एथेनॉल प्लांट में जनरल मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता और सहायक जनरल मैनेजर हर्षित मिश्रा पर गोलीबारी कर दी गई. इस घटना में जीएम सुधीर कुमार गुप्ता और एजीएम हर्षित मिश्रा की मौत हो गई.

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें: बदायूं के स्कूल में कक्षा-1 की छात्रा के साथ दर्दनाक हादसा, ब्रेसलेट का मोती निगलने से थमी सांसें, मची चीख-पुकार

काम से निकाले जाने के बाद नाराज चल रहा था आरोपी

जिलाधिकारी अवनीश राय के मुताबिक, ग्राम सहजनी निवासी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू एथेनॉल प्लांट में वेंडर के तौर पर काम करता था. कुछ समय पहले जनरल मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता ने काम में लापरवाही के चलते कई कर्मचारियों की छंटनी की थी, जिसमें अजय प्रताप सिंह को भी हटा दिया गया था.

बताया जा रहा है कि नौकरी से हटाए जाने के बाद से ही आरोपी जीएम से नाराज चल रहा था. वह उन्हें लगातार धमकियां भी दे रहा था. इस संबंध में सुधीर कुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी, जिसके आधार पर कोतवाली दातागंज थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया था.

Advertisement

हथियार लेकर प्लांट में घुसा और कार्यालय में की फायरिंग

गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू हथियार के साथ एचपीसीएल प्लांट में पहुंच गया. बताया जा रहा है कि वह सिक्योरिटी गेट को पार करते हुए सीधे जनरल मैनेजर के कार्यालय तक पहुंच गया.

वहां पहुंचते ही आरोपी ने जीएम सुधीर कुमार गुप्ता पर गोली चला दी. फायरिंग की आवाज सुनकर सहायक जनरल मैनेजर हर्षित मिश्रा बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन पर भी गोली चला दी. इस घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई.

अस्पताल में मौत की पुष्टि

घटना के तुरंत बाद दोनों अधिकारियों को अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जनरल मैनेजर सुधीर कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि वह और पुलिस अधीक्षक मौके पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. जल्द ही मामले की विस्तृत जानकारी सामने लाई जाएगी.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी हथियार लेकर प्लांट के अंदर कैसे पहुंच गया.

यह भी सवाल उठ रहा है कि सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को क्यों नहीं रोका और उसकी तलाशी क्यों नहीं ली गई. हालांकि इस संबंध में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने फिलहाल कैमरे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement