Uttar Pradesh News: मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र स्थित शिवकुंज कॉलोनी में अज्ञात बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों ने रिटायर्ड सूबेदार नवनीत दुहन के मकान में ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) डालकर आग लगा दी. घटना के वक्त मकान में सात लोग मौजूद थे. आग और धुएं के तेजी से फैलने के कारण अंदर फंसे लोगों में हड़कंप मच गया. रिटायर्ड सूबेदार और उनका परिवार जैसे-तैसे बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन दूसरी मंजिल पर फंसे किरायेदार अश्विनी कुमार धुएं से बच्चों का दम घुटता देख उन्हें गोद में लेकर दूसरी मंजिल से नीचे कूद गए.
बच्चों की जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से छलांग
आग से पूरा घर धुएं से भर गया था और बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था. किरायेदार अश्विनी कुमार ने अपने दो बच्चों की सांसें अटकी देख हिम्मत दिखाई और उन्हें गोद में लेकर सीधे दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी. इस हादसे में अश्विनी के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने अश्विनी के पैरों में प्लास्टर चढ़ाया. परिवार के अन्य सदस्य भी धुएं और आग की चपेट में आने से झुलस गए हैं.
सीसीटीवी फुटेज में दिखे दो बाइक सवार संदिग्ध
घटना की सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. मकान को इस अग्निकांड में भारी नुकसान पहुंचा है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर बाइक सवार दो संदिग्ध युवक मकान के पास दिखाई दिए, जिन्होंने कथित तौर पर आग लगाई और फरार हो गए.
अज्ञात बाइक सवारों पर मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने पीड़ित सेवानिवृत्त सूबेदार नवनीत दुहन की शिकायत पर दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुट गई है. इसके साथ ही आग लगाने के पीछे की मुख्य वजह की भी गहनता से जांच की जा रही है.