scorecardresearch
 

'अखिलेश यादव की सपा में होगी बड़ी टूट', यूपी के कैबिनेट मंत्री ने किया बड़ा दावा

यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल की चर्चा छोड़िए, सपा के कई लोग भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठे हैं. वहीं दूसरी ओर सपा ने राजभर के बयान पर कहा कि उनकी आदत केवल बकवास करना है.

Advertisement
X
अखिलेश यादव की सपा में बड़ी टूट होगी, ऐसे दावा ओपी राजभर ने किया है  (File Photo: PTI)
अखिलेश यादव की सपा में बड़ी टूट होगी, ऐसे दावा ओपी राजभर ने किया है (File Photo: PTI)

पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की राजनीति में दल-बदल और टूट की चर्चाओं के बीच अब उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर भी बड़ा दावा सामने आया है. योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी (सपा) को बड़ा झटका लगेगा. राजभर ने यहां तक कह दिया कि महाराष्ट्र और बंगाल छोड़िए, पूरी समाजवादी पार्टी भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है. वहीं इस पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव बोले, दाना और गाना कब तक चलेगा ऐसा अफसाना. 

राजभर का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो रही है. सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ही अपनी-अपनी रणनीतियों को धार देने में जुटे हैं. ऐसे माहौल में राजभर का यह दावा राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. वहीं समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता सुनील साजन ने राजभर के दावे पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी के और उनके सहयोगी बौखलाए हुए हैं. राजभर केवल अपनी दुकान चलाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि सपा ने 2024 में बीजेपी को हाफ किया था अब 2027 में बीजेपी को यूपी से साफ करेगी. सुनील का दावा है कि इस विधानसभा चुनाव में राजभर की पार्टी से एक विधायक भी नहीं जीतने वाला है. राजभर की आदत केवल बकवास करना है.

Advertisement

सपा पर क्यों साधा निशाना ?

ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि जैसे-जैसे विभिन्न मामलों में जांच एजेंसियों का शिकंजा कस रहा है, वैसे-वैसे सपा नेताओं की बेचैनी बढ़ती जा रही है. उन्होंने कहा कि खनन घोटाले और गोमती रिवर फ्रंट परियोजना से जुड़े मामलों को लेकर पूरा उत्तर प्रदेश जानता है कि इन प्रकरणों में कौन लोग चर्चा के केंद्र में रहे हैं. राजभर के मुताबिक, जब जांच आगे बढ़ती है तो कुछ लोगों की परेशानी भी बढ़ती है. हालांकि उन्होंने अपने बयान में किसी नए साक्ष्य या संभावित दल-बदल करने वाले नेताओं का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका दावा बड़ा माना जा रहा है. राजभर ने अपने बयान में सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है. 

 पहले भी अखिलेश यादव पर हमलावर रहे हैं राजभर

यह पहली बार नहीं है जब ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला हो. पिछले कुछ समय से दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती गई है. हाल ही में राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लंबी पोस्ट लिखी थी, जिसने राजनीतिक हलकों में काफी सुर्खियां बटोरी थीं. उस पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव के विदेश दौरे को निशाने पर लिया था. उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि अगर घूमने ही जाना था तो लंदन और पेरिस की जगह काशी, अयोध्या, मथुरा, नैमिषारण्य या मां विंध्यवासिनी धाम चले जाते.

Advertisement

राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि यदि अखिलेश प्रदेश के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर जाते तो स्थानीय व्यापारियों को रोजगार मिलता. फूल बेचने वाले, मिठाई विक्रेता, छोटे होटल कारोबारी और परिवहन से जुड़े लोगों को भी लाभ होता. उन्होंने कहा था कि ऐसे दौरों से उत्तर प्रदेश के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता और देश-दुनिया में सकारात्मक संदेश जाता. राजभर ने व्यंग्यात्मक अंदाज में यह भी कहा कि शायद अब अखिलेश यादव को लंदन और पेरिस ज्यादा पसंद आने लगे हैं और उन्हें विदेशी पर्यटन स्थलों पर जाना ज्यादा अच्छा लगता है.

नया भारत और नया उत्तर प्रदेश देखिए

अपनी पोस्ट में राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह भी दी थी कि उन्हें देश और उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करना चाहिए. उन्होंने लिखा था कि अब देश बदल चुका है और नया भारत तथा नया उत्तर प्रदेश विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है. काशी से अयोध्या, मथुरा से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं में बड़ा बदलाव आया है. राजभर ने कहा था कि अपने देश की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक धरोहरों को देखने में एक जिंदगी भी कम पड़ सकती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement