उत्तर प्रदेश के आगरा में ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है. वीडियो में ताजमहल की मीनार से 360 डिग्री व्यू के साथ एक ‘दिल’ बनाकर रील बनाई गई, जो अब तेजी से वायरल हो रही है.
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब 5 दिन पुराना है. हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान से वीडियो शूट किया गया, वहां आम पर्यटकों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहती है. इस एरिया में सिर्फ सफाई कर्मचारी और सुरक्षा स्टाफ को ही जाने की अनुमति होती है.
कौन है वीडियो बनाने वाला?
जांच में सामने आया कि यह वीडियो एक कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले सफाई कर्मचारी ने बनाया था. यह कर्मचारी ठेकेदार कंपनी मैसर्स पप्पन से जुड़ा हुआ था. उसने मीनार पर सफाई के दौरान ही वीडियो रिकॉर्ड कर उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया.
एएसआई का एक्शन
मामले की जानकारी सामने आने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने तुरंत कार्रवाई की. संबंधित सफाई कर्मचारी को काम से हटा दिया गया और साथ ही ठेकेदार कंपनी मैसर्स पप्पन को नोटिस जारी किया गया.
क्या बोले ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षक ?
ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षक सहायक कलंदर ने बताया कि, 'वायरल वीडियो की जानकारी मिलने के बाद तत्काल इसकी जांच कराई गई. जांच में सामने आया कि यह वीडियो करीब 5 दिन पहले एक सफाई कर्मचारी द्वारा बनाया गया था, जो वेंडर कंपनी मैसर्स पप्पन के अंतर्गत कार्यरत था. ताजमहल की मीनार पर नियमित सफाई के लिए कर्मचारियों को भेजा जाता है, उसी दौरान उसने वहां से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और बाद में इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया. जैसे ही इस मामले की जानकारी विभाग को हुई, संबंधित सफाई कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है. साथ ही वेंडर कंपनी मैसर्स पप्पन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है. आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.'