scorecardresearch
 

जलती कार में फंसा था ड्राइवर, पुलिस वाले ने दिखाई बहादुरी, फिर ऐसे निकाला

एक दिल दहला देने वाले वीडियो में दिखाया गया है कि टेक्सास के एक बहादुर पुलिस वाले ने एक ऐसे व्यक्ति की जान बचाई जिसकी कार हाईवे पर गाड़ी चलाते समय अचानक आग की चपेट में आ गई थी. पुलिसकर्मी ने वाहन के पूरी तरह से जल जाने से कुछ सेकंड पहले ही उस व्यक्ति को बाहर निकाल लिया.

Advertisement
X
जान पर खेलकर जलती कार में फंसे ड्राइवर को पुलिस वाले ने ऐसे बचाया (Photo- Facbook/@Southlake DPS)
जान पर खेलकर जलती कार में फंसे ड्राइवर को पुलिस वाले ने ऐसे बचाया (Photo- Facbook/@Southlake DPS)

चलती कार में अचानक आग लग जाए और ड्राइवर अंदर ही फंस जाए, तो कुछ ही सेकेंड में बड़ा हादसा हो सकता है. अमेरिका के टेक्सास में ऐसा ही एक खौफनाक मामला सामने आया, जहां एक पुलिस अधिकारी ने अपनी जान की परवाह किए बिना जलती कार में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाल लिया. कुछ ही सेकेंड बाद पूरी कार आग की लपटों में घिर गई. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है.

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि 7 जून को साउथलेक में हाईवे 114 पर गाड़ी चलाते समय उस ड्राइवर की निसान अल्टिमा में अचानक आग लग गई थी. हालांकि, इस घटना का वीडियो पुलिस विभाग ने इस सप्ताह जारी किया है. इसके बाद से सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है. 

 हाईवे-114 पर अचानक एक कार से धुआं निकलने लगा. देखते ही देखते धुआं इतना बढ़ गया कि ड्राइवर को मजबूर होकर हाईवे के किनारे कार रोकनी पड़ी. उसी समय साउथलेक पुलिस के कॉर्पोरल जोशुआ स्विशर पास में एक दूसरे ट्रैफिक मामले को संभाल रहे थे. तभी उन्हें वायरलेस पर धुएं से भरी कार की सूचना मिली. सूचना मिलते ही वह अपनी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए जलती कार की तरफ दौड़ पड़े.

Advertisement

डैशकैम और बॉडीकैम वीडियो में दिखता है कि जैसे ही वह कार के पास पहुंचते हैं, उसमें आग लगनी शुरू हो जाती है. कार के अंदर इतना धुआं भर चुका था कि ड्राइवर दिखाई भी नहीं दे रहा था.

दरवाजा नहीं खुला तो तोड़ दिया शीशा
जोशुआ स्विशर ने पहले कार का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही उन्होंने हैंडल पकड़ा, वह टूटकर उनके हाथ में आ गया. इससे ड्राइवर कार के अंदर ही फंस गया.

इसके बाद पुलिस अधिकारी ने बिना देर किए ड्राइवर से खिड़की के रास्ते बाहर आने को कहा. उन्होंने इमरजेंसी विंडो ब्रेकर से शीशा तोड़ा और अंदर फंसे व्यक्ति को खिड़की के रास्ते बाहर खींच लिया.

कुछ सेकेंड बाद धधक उठी पूरी कार
वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही ड्राइवर सुरक्षित बाहर निकलता है, कुछ ही पल बाद पूरी कार आग की तेज लपटों में घिर जाती है. अगर थोड़ी भी देर हो जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था.

अधिकारियों के मुताबिक, ड्राइवर को इस घटना में कोई चोट नहीं आई. हालांकि, रेस्क्यू के दौरान पुलिस अधिकारी जोशुआ स्विशर के हाथ के आग की गर्मी से थोड़ा झुलस गए.

बहादुरी के लिए मिला सम्मान
इस साहसिक बचाव अभियान के लिए साउथलेक पुलिस विभाग ने कॉर्पोरल जोशुआ स्विशर को विभाग के दूसरे सबसे बड़े सम्मान 'मेरिटोरियस कंडक्ट अवॉर्ड'से सम्मानित किया. हालांकि, जोशुआ ने अपनी बहादुरी का श्रेय लेने से इनकार कर दिया. उनका कहना था कि अगर उनकी जगह विभाग का कोई दूसरा पुलिस अधिकारी भी होता, तो वह भी यही करता.

Advertisement

यह भी पढ़ें: एयर होस्टेस ने बताई वो ट्रिक, जिससे इकोनॉमी के पैसे से फर्स्ट क्लास में कर सकते हैं सफर

उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हमारे विभाग का हर अधिकारी ऐसी स्थिति में बिल्कुल यही कदम उठाता. हमने वही किया, जो हमारी जिम्मेदारी थी.इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग पुलिस अधिकारी की बहादुरी और सूझबूझ की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement