scorecardresearch
 

बस ये एक जुगाड़, घर रहेगा ठंडा! AC का बिल हो जाएगा आधा

भीषण गर्मी के बीच एक व्यक्ति का सस्ता और देसी जुगाड़ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. उसने दावा किया कि सिर्फ 800-850 रुपये खर्च करके छत का तापमान 15 डिग्री तक कम किया जा सकता है. चूना, बाइंडर और वॉटरप्रूफिंग मिश्रण से बनी यह कोटिंग घर को ठंडा रखने और एसी-कूलर का खर्च घटाने में मदद करती है.

Advertisement
X
वीडियो को देखकर लोग इसे गर्मी से बचने का शानदार और किफायती तरीका बता रहे हैं. ( Photo: ITG)
वीडियो को देखकर लोग इसे गर्मी से बचने का शानदार और किफायती तरीका बता रहे हैं. ( Photo: ITG)

भीषण गर्मी के बीच एक व्यक्ति का देसी जुगाड़ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि इस आसान और सस्ते तरीके से घर की छत काफी ठंडी रहती है और एसी-कूलर का खर्च भी कम हो सकता है. खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में सिर्फ 800 से 850 रुपये तक का खर्च आता है. दरअसल, भारत के कई राज्यों में इस समय तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. ऐसे में लोग गर्मी से बचने के लिए एसी और कूलर का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बिजली का बिल भी तेजी से बढ़ रहा है. इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति अपनी छत को ठंडा रखने का तरीका बता रहा है.

वीडियो में दिखाया गया कि तेज धूप और 44 डिग्री तापमान के बावजूद वह व्यक्ति छत पर नंगे पैर खड़ा था. वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने हैरानी से पूछा कि इतनी गर्मी में भी छत ठंडी कैसे है. इसके जवाब में रितेश नाम के व्यक्ति ने बताया कि यह कोई जादू नहीं बल्कि साइंस है. रितेश ने बताया कि उन्होंने अपनी छत पर एक खास मिश्रण लगाया है, जिससे छत कम गर्म होती है. उनका दावा है कि इससे छत का तापमान करीब 15 डिग्री तक कम हो जाता है. यानी बाहर का तापमान 44 डिग्री होने पर भी छत लगभग 28 से 30 डिग्री तक रहती है. इससे घर के अंदर भी गर्मी कम महसूस होती है.

‘यह जादू नहीं, साइंस है’
उन्होंने कहा कि इस तरीके के बाद कूलर और एसी पर निर्भरता काफी कम हो जाती है. यहां तक कि साधारण पंखा भी ठंडी हवा देने लगता है. यही वजह है कि लोग इस देसी जुगाड़ को काफी पसंद कर रहे हैं. रितेश ने इस मिश्रण को बनाने का तरीका भी बताया. उन्होंने कहा कि इसके लिए 20 किलो चूना लिया जाता है, जिसकी कीमत करीब 350 रुपये होती है. इसके साथ 5 किलो फेविकोल डीडीएल बाइंडर और 500 ग्राम वॉटरप्रूफिंग कंपाउंड मिलाया जाता है. इन सभी चीजों की कुल कीमत लगभग 800 से 850 रुपये तक आती है.

Advertisement

कैसे तैयार होता है यह खास मिश्रण?
मिश्रण बनाने के लिए सबसे पहले चूने को करीब 50 लीटर पानी में रातभर भिगोकर रखा जाता है. इसके बाद जब मिश्रण ठंडा हो जाता है, तब उसमें बाइंडर और वॉटरप्रूफिंग कंपाउंड मिलाकर अच्छी तरह तैयार किया जाता है. फिर इसे छत पर एक परत के रूप में लगाया जाता है. अगर सामग्री बच जाए तो दूसरी परत भी लगाई जा सकती है. रितेश का कहना है कि 1000 स्क्वायर फीट की छत पर यह कोटिंग आसानी से की जा सकती है. कम खर्च में यह तरीका घर को ठंडा रखने में मदद करता है.

लोगों को पसंद आया देसी जुगाड़
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखकर लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लोगों ने कहा कि सफेद या चूने वाली कोटिंग सूरज की गर्मी को वापस परावर्तित कर देती है, जिससे छत कम गर्म होती है. कुछ लोगों ने इसे पुराने समय का कारगर तरीका बताया. वहीं कुछ यूजर्स ने छत पर पौधे और गमले रखने की सलाह भी दी. उनका कहना है कि मिट्टी और पौधे भी गर्मी कम करने में मदद करते हैं. कई लोगों ने इस देसी जुगाड़ को बेहद उपयोगी बताया. लोगों का कहना है कि बढ़ती गर्मी और महंगे बिजली बिल के समय में यह तरीका आम लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement