फैशन शो का नाम सुनते ही दिमाग में चमचमाती लाइटें, महंगे डिजाइनर कपड़े और बड़े-बड़े रैंप नजर आने लगते हैं. लेकिन मुंबई के वसई में एक ऐसा फैशन शो हुआ, जहां न तो कोई आलीशान मंच था और न ही महंगे डिजाइनर सेट.
यहां रैंप बना सब्जी मंडी का रास्ता और मॉडल्स के हाथों में दिखीं मूली, धनिया और बाजार में मिलने वाली दूसरी चीजें. मॉडल्स ने सब्जियों को अपना फैशन एक्सेसरी बनाया और पूरे आत्मविश्वास के साथ मंडी में रैंप वॉक किया. इस अनोखे फैशन शो का वीडियो अब सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है.
सब्जी मंडी बनी फैशन शो का रैंप
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबकि, मुंबई के वसई की एक व्यस्त सब्जी मंडी में हुए इस अनोखे फैशन शो का नाम 'विजन वोग फैशन वीक' रखा गया. इसे मुंबई के फैशन मेंटर और मॉडल साहिल सिंह ने तैयार किया था. उनका मकसद बड़े फैशन शो से अलग कुछ ऐसा करना था, जिसमें आम जगह और रोजमर्रा की चीजों को भी फैशन का हिस्सा बनाया जा सके.
इस फैशन शो में लड़के और लड़कियां दोनों मॉडल के रूप में शामिल हुए. वीडियो में देखा जा सकता है कि मॉडल्स सब्जी मंडी की संकरी गलियों से पूरे आत्मविश्वास के साथ गुजर रहे हैं. आसपास सब्जियों की दुकानें हैं, लोग खरीदारी कर रहे हैं और इसी भीड़ के बीच मॉडल्स अपने अंदाज में रैंप वॉक कर रहे हैं.
किसी के हाथ में मूली तो कोई धनिया लेकर पहुंचा
इस फैशन शो की सबसे दिलचस्प बात मॉडल्स के एक्सेसरीज थे. आमतौर पर फैशन शो में मॉडल्स महंगे बैग, चश्मे और डिजाइनर ज्वेलरी के साथ नजर आते हैं. लेकिन यहां किसी के हाथ में मूली थी तो कोई धनिया की गड्डी लेकर रैंप पर उतर आया.
मॉडल्स ने अपने कपड़ों के साथ सब्जियों और बाजार में मिलने वाली दूसरी रोजमर्रा की चीजों को इस तरह इस्तेमाल किया कि उनका अंदाज सबसे अलग नजर आया. खास बात यह रही कि उन्होंने सब्जी मंडी के माहौल को ही अपने फैशन शो का हिस्सा बना लिया. न कोई खास सेट तैयार किया गया और न ही किसी बड़े मंच की जरूरत पड़ी.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस फैशन शो का वीडियो साहिल सिंह ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. इसमें मॉडल्स का आत्मविश्वास और उनका अनोखा अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है. वीडियो में पहाड़ी गाने 'स्वामी परदेश' का इस्तेमाल किया गया है, जो इस पूरे फैशन शो को एक अलग ही देसी रंग देता है.
साहिल सिंह के मुताबिक, इस आयोजन का आइडिया वोग (Vogue) से प्रेरित था. वह पारंपरिक फैशन शो को एक नए और रचनात्मक अंदाज में लोगों के सामने लाना चाहते थे. इसमें महंगे कपड़ों और बड़े ब्रांड के बजाय आत्मविश्वास, क्रिएटिविटी और उपलब्ध चीजों से अपना अलग अंदाज बनाने पर जोर दिया गया.
सोशल मीडिया यूजर्स भी इस अनोखे प्रयोग को देखकर हैरान हैं. भीड़भाड़ वाली सब्जी मंडी में मॉडल्स की बेफिक्र रैंप वॉक और हाथों में सब्जियां देखकर लोग खूब दिलचस्पी ले रहे हैं. अब तक फैशन शो में डिजाइनर कपड़े और महंगे एक्सेसरीज देखने वाले लोगों के लिए यह नजारा वाकई कुछ अलग है. आखिर किसने सोचा था कि धनिया और मूली खरीदने के लिए जिस मंडी में लोग पहुंचते हैं, वहां एक दिन फैशन वीक भी देखने को मिल जाएगा!