कुत्ता इंसान का सबसे वफादार साथी माना जाता है.चौकन्ना, समझदार और अपने मालिक की बात को मानने वाला. इन खूबियों की वजह से डॉग्स को पुलिस ड्यूटी से लेकर मेडिकल अलर्ट तक हर क्षेत्र में ट्रेन किया जाता है. लेकिन इटली से सामने आया एक मामला देखकर लोग हैरान भी हैं और हंसी भी रोक नहीं पा रहे. दरअसल यहां कुत्ते को ग़लत काम के लिए ट्रेन किया गया.
इटली के सान जियोर्जियो इलाके में लगी सीसीटीवी फुटेज में एक छोटा कुत्ता सड़क पर मजे से चलता दिखता है. उसके मुंह में एक भारी भरकम कूड़े की थैली है. कुत्ता सड़क किनारे पहुंचता है, थैली को धीरे से जमीन पर रखता है… और आराम से आगे बढ़ जाता है.जैसे यह उसका रोज का काम हो.
स्थानीय प्रशासन का दावा है कि यह कुत्ता ऐसे ही फालतू नहीं घूम रहा था. उसे उसके मालिक ने कूड़ा फेंकने के लिए ट्रेन किया था, ताकि खुद कैमरे में पकड़े जाने से बच सके और ताकि कचरा उठाने की फीस भी न भरनी पड़े.नगर पालिका ने फुटेज को फेसबुक पर डालते हुए लिखा-चालाकी कभी भी बदतमीजी का बहाना नहीं बन सकती.
देखें वायरल वीडियो
इटली में सड़कों पर कचरा फेंकना गैरकानूनी है
अधिकारियों ने बताया कि यह फुटेज दो अलग-अलग दिनों में रिकॉर्ड हुई है, जिससे साफ है कि यह एक योजना के तहत किया जा रहा था. पोस्ट में कहा गया कि यह हरकत जरा भी संदेह नहीं छोड़ती.कुत्ते को साफ तौर पर कूड़ा फेंकने के लिए तैयार किया गया था.
इटली में सड़कों पर कचरा फेंकना गैरकानूनी है, लेकिन इसके मामले अभी भी बड़ी संख्या में सामने आते रहते हैं. प्रशासन कई जगहों पर 'कैमरा ट्रैप' लगाकर ऐसे लोगों पर नजर रख रहा है.
धीरे-धीरे कुत्ते वाला यह वीडियो चर्चा में छा गया, मगर कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. अधिकारियों ने बताया कि मालिक की पहचान हो चुकी है और उस पर जुर्माना लगाया गया है. इटली में अवैध रूप से कचरा फेंकने पर 1,500 यूरो (1.4 लाख रुपया) से लेकर 18,000 यूरो (17 लाख रुपया) तक का भारी जुर्माना लग सकता है.
इटली में हर साल लगभग 10,000 कचरा-संबंधी अपराध दर्ज होते हैं, जिनमें अवैध डंपिंग, कचरा जलाना और दफनाना शामिल है. इन मामलों में कई बार 'ईको-माफिया' जैसी आपराधिक गिरोहों की संलिप्तता भी सामने आती है.