scorecardresearch
 

'रस्सी... रस्सी!' चीखते रह गए लोग, बंजी जंप के दौरान युवती की मौत का वीडियो आया सामने

एडवेंचर स्पोर्ट्स रोमांच देते हैं, लेकिन एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है. ब्राजील में 21 वर्षीय मारिया एडुआर्दा रोड्रिग्स डी फ्रेटास के साथ हुआ हादसा इसी की दर्दनाक मिसाल बन गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग सुरक्षा मानकों पर सवाल उठा रहे हैं.

Advertisement
X
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जंप की तैयारी चल रही है (Photo:X/@clashreport)
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जंप की तैयारी चल रही है (Photo:X/@clashreport)

ब्राजील में एक एडवेंचर एक्टिविटी के दौरान हुई दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. 21 साल की मारिया एडुआर्दा रोड्रिग्स डी फ्रेटास रोमांचक जंप का अनुभव लेने पहुंची थीं, लेकिन कुछ ही सेकंड में यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया.

ब्रिटिश अखबार द सन की रिपोर्ट्स के मुताबिक, साओ पाउलो राज्य के लाइमेइरा इलाके में स्थित एक ब्रिज जंपिंग साइट पर उन्हें ऊंचाई से छोड़ा गया, लेकिन कथित तौर पर उनकी सेफ्टी लाइन जुड़ी ही नहीं थी. युवती करीब 40 मीटर (130 फीट) नीचे गिर गई.

वीडियो में कैद हुआ खौफनाक पल

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि जंप की तैयारी चल रही है. जैसे ही युवती को छोड़ा जाता है, कुछ सेकंड बाद वहां मौजूद लोग चीखने लगते हैं.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तभी लोगों को एहसास हुआ कि जरूरी सेफ्टी रस्सी जुड़ी नहीं थी. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

हादसे से पहले किया था आखिरी पोस्ट

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले मारिया ने सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें शेयर की थीं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा था कि आखिर कौन उन्हें पुल से कूदने दे रहा है.हादसे के बाद यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और कई लोगों ने इसे दिल तोड़ देने वाला बताया.

Advertisement

मंगेतर भी थे मौके पर मौजूद

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारिया के मंगेतर भी घटनास्थल पर मौजूद थे. हादसे के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें चिकित्सकीय सहायता देनी पड़ी.स्थानीय पुलिस ने मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सुरक्षा प्रक्रिया में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई और जिम्मेदारी किसकी थी.

देखें वीडियो

एडवेंचर टूरिज्म पर उठे सवाल

इस घटना ने एडवेंचर स्पोर्ट्स और एडवेंचर टूरिज्म की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.विशेषज्ञों का कहना है कि बंजी या रोप जंपिंग जैसी गतिविधियों में सुरक्षा जांच की कई परतें होती हैं. ऐसे में यदि उपकरणों की अंतिम जांच ठीक से न हो तो परिणाम बेहद खतरनाक हो सकते हैं.घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने गहरा दुख जताया. कई यूजर्स ने कहा कि एडवेंचर स्पोर्ट्स कंपनियों के लिए सुरक्षा नियमों का पालन वैकल्पिक नहीं, बल्कि अनिवार्य होना चाहिए.एक यूजर ने लिखा-सिर्फ एक चूक ने एक परिवार की पूरी दुनिया बदल दी.दूसरे ने कहा-रोमांच के नाम पर सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता.

एक सवाल सबके मन में

मारिया की मौत ने फिर वही सवाल खड़ा कर दिया है—क्या एडवेंचर स्पोर्ट्स में सुरक्षा नियमों को और सख्त बनाने की जरूरत है? क्योंकि कई बार सिर्फ कुछ सेकंड की लापरवाही किसी की पूरी जिंदगी छीन लेती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement