Colored Cities of India: भारत अपनी संस्कृति, इतिहास और विविधता के लिए दुनियाभर में मशहूर है. यहां कई ऐसे शहर हैं, जिन्हें उनके खास रंगों की वजह से अलग पहचान मिली है. कहीं पूरा शहर नीले रंग में रंगा नजर आता है तो कहीं गुलाबी, सुनहरा या सफेद रंग इसकी खूबसूरती को और बढ़ा देता है. अगर आप घूमने-फिरने के शौकीन हैं तो इन रंगों वाले शहरों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें. आइए जानते हैं भारत के कुछ मशहूर रंग-बिरंगे शहरों के बारे में.
जोधपुर कहलाता है ब्लू सिटी
राजस्थान का जोधपुर 'ब्लू सिटी' के नाम से जाना जाता है. यहां मेहरानगढ़ किले के आसपास बने नीले रंग के घर इस शहर को खास पहचान देते हैं. माना जाता है कि पहले ब्राह्मण परिवार अपने घरों को नीले रंग से रंगते थे. साथ ही यह रंग गर्मी कम करने और कीड़ों को दूर रखने में भी मदद करता है.
पिंक सिटी के नाम से जाना जाता है जयपुर
राजस्थान की राजधानी जयपुर 'पिंक सिटी' के नाम से पूरी दुनिया में जाना जाता है. साल 1876 में प्रिंस अल्बर्ट के स्वागत के लिए पूरे शहर को गुलाबी रंग से रंगा गया था. आज भी पुराने जयपुर की इमारतें गुलाबी रंग में नजर आती हैं. यहां हवा महल, जंतर-मंतर और सिटी पैलेस जैसे ऐतिहासिक स्थल पर्यटकों को खूब आकर्षित करते हैं.
उदयपुर कहलाता है व्हाइट सिटी
झीलों का शहर उदयपुर 'व्हाइट सिटी' के नाम से जाना जाता है. यहां के सफेद संगमरमर से बने महल, मंदिर और झीलों के किनारे बनी इमारतें शहर को बेहद खूबसूरत बनाती हैं. सिटी पैलेस, पिछोला झील और जग मंदिर यहां के प्रमुख पर्यटन स्थल हैं.
जैसलमेर है गोल्डन सिटी
थार रेगिस्तान के बीच बसा जैसलमेर 'गोल्डन सिटी' कहलाता है. यहां के किले और हवेलियां पीले बलुआ पत्थर से बनी हैं जो सूरज की रोशनी पड़ते ही सुनहरे रंग की चमक बिखेरने लगती हैं. जैसलमेर किला, रेगिस्तान की सफारी और लोक संस्कृति यहां आने वाले पर्यटकों को खास अनुभव देती है.
तिरुवनंतपुरम है एवरग्रीन सिटी
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम अपनी हरियाली के लिए 'एवरग्रीन सिटी' के नाम से मशहूर है. यहां नारियल के पेड़, हरे-भरे पहाड़ और शांत समुद्र तट इसकी खूबसूरती को और बढ़ा देते हैं. पद्मनाभस्वामी मंदिर और नेपियर म्यूजियम यहां के प्रमुख आकर्षण हैं.
कटक कहलाता है सिल्वर सिटी
ओडिशा का कटक 'सिल्वर सिटी' के नाम से जाना जाता है. यह शहर अपनी बारीक चांदी की फिलिग्री कला (तारकशी) के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है. यहां बनने वाले चांदी के आभूषण और सजावटी सामान बेहद खूबसूरत होते हैं. इसके अलावा दुर्गा पूजा के दौरान शहर की भव्य सजावट भी देखने लायक होती है.