Best Places to Visit in October: अक्टूबर का महीना घूमने-फिरने के लिए काफी अच्छा माना जाता है. इस दौरान गर्मी कम होने लगती है और कई जगहों का मौसम सुहावना हो जाता है. ऐसे में अगर आप भी रोजमर्रा की भागदौड़ और काम के तनाव से ब्रेक लेना चाहते हैं तो अक्टूबर में छोटी ट्रिप प्लान कर सकते हैं. इसके लिए आपको लंबी छुट्टी लेने या ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. देश में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं, जहां आप सिर्फ 2 से 3 दिन की छुट्टी में घूमने का मजा ले सकते हैं.
कहीं आपको समुद्र किनारे सुकून के पल बिताने का मौका मिलेगा तो कहीं ऐतिहासिक किलों, खूबसूरत झीलों और पहाड़ों के बीच समय बिताने का अनुभव मिलेगा. वहीं, कुछ जगहें एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए भी शानदार ऑप्शन हैं. तो आइए जानते हैं भारत की 9 ऐसी जगहों के बारे में, जहां आप अक्टूबर में वीकेंड पर घूमने जाने का प्लान बना सकते हैं.
पुष्कर (राजस्थान)
राजस्थान का पुष्कर एक छोटा और खूबसूरत शहर है, जहां आप कम समय में कई जगहें घूम सकते हैं. यहां पुष्कर झील के आसपास समय बिता सकते हैं और ब्रह्मा मंदिर के दर्शन कर सकते हैं. इसके अलावा, शहर की रंग-बिरंगी गलियों में घूमना और स्थानीय बाजारों से खरीदारी करना भी अच्छा अनुभव हो सकता है. यहां के कैफे में बैठकर खाने-पीने का मजा भी ले सकते हैं. अरावली की पहाड़ियों से घिरा पुष्कर उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है, जो वीकेंड पर शांत माहौल में समय बिताना चाहते हैं.
विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश)
विशाखापत्तनम को विजाग के नाम से भी जाना जाता है. अगर आपको समुद्र किनारे घूमना पसंद है तो यह जगह आपके लिए अच्छी हो सकती है. यहां रामकृष्ण बीच पर घूम सकते हैं और ऋषिकोंडा या याराडा बीच के खूबसूरत नजारे देख सकते हैं. इसके अलावा, यहां मौजूद आईएनएस कुरुसुरा सबमरीन म्यूजियम भी घूमने लायक जगह है. कैलासगिरि के व्यू पॉइंट से समुद्र और आसपास के इलाकों का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है. दो से तीन दिन की छुट्टी में आप यहां आराम से घूम सकते हैं.
पुदुचेरी
पुदुचेरी उन लोगों के लिए बेस्ट जगह है जो समुद्र किनारे सुकून के पल बिताना चाहते हैं. यहां की फ्रेंच क्वार्टर की रंगीन इमारतें, खूबसूरत गलियां और कैफे लोगों को आकर्षित करते हैं. आप समुद्र किनारे टहल सकते हैं और श्री अरबिंदो आश्रम भी जा सकते हैं. यहां का शांत माहौल और अलग तरह की वास्तुकला छोटी छुट्टी को खास बना सकती है. अगर आप बिना ज्यादा भागदौड़ के घूमना चाहते हैं तो पुदुचेरी को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
अमृतसर (पंजाब)
अमृतसर में आपको इतिहास, संस्कृति और लजीज खाने का शानदार मेल देखने को मिलेगा. यहां सबसे पहले स्वर्ण मंदिर जा सकते हैं, जहां का शांत माहौल आपको सुकून देगा. इसके अलावा, जलियांवाला बाग और पार्टिशन म्यूजियम घूमकर देश के इतिहास से जुड़ी कई अहम बातें जान सकते हैं. अमृतसर अपने स्वादिष्ट खाने के लिए भी मशहूर है. यहां के छोले-कुलचे, लस्सी और दूसरे पंजाबी व्यंजनों का स्वाद लेना न भूलें. दो से तीन दिन में आप यहां घूमने के साथ स्थानीय खाने का भी मजा ले सकते हैं.
ऋषिकेश (उत्तराखंड)
ऋषिकेश में आपको रोमांच और शांति, दोनों का अनुभव मिल सकता है. अगर आपको एडवेंचर पसंद है तो यहां रिवर राफ्टिंग कर सकते हैं. वहीं, गंगा किनारे बैठकर समय बिताना, आश्रमों में जाना और नदी के पास बने कैफे में चाय पीना भी अच्छा अनुभव हो सकता है. यहां घूमने के लिए बहुत सारी जगहें हैं, लेकिन दो से तीन दिन की यात्रा में कुछ चुनिंदा जगहों को ही शामिल करें. इससे आप बिना जल्दबाजी के ऋषिकेश का आनंद ले पाएंगे.
जयपुर (राजस्थान)
राजस्थान की राजधानी जयपुर इतिहास, संस्कृति और खानपान पसंद करने वालों के लिए शानदार जगह है. यहां आमेर किला, हवा महल और सिटी पैलेस जैसी ऐतिहासिक जगहें घूम सकते हैं. इसके अलावा, जयपुर के बाजारों में पारंपरिक कपड़े, जूती, आभूषण और हस्तशिल्प की खरीदारी कर सकते हैं. यहां का दाल-बाटी-चूरमा और प्याज कचौरी जैसे व्यंजन भी काफी मशहूर हैं. अगर आप कम समय में इतिहास और राजस्थानी संस्कृति को करीब से जानना चाहते हैं, तो जयपुर घूमने का प्लान बना सकते हैं.
उदयपुर (राजस्थान)
उदयपुर को झीलों का शहर कहा जाता है. यहां की खूबसूरत झीलें, महल और पुरानी गलियां इस जगह को खास बनाती हैं. आप पिछोला झील के आसपास घूम सकते हैं, सिटी पैलेस देख सकते हैं और पुराने शहर की गलियों में समय बिता सकते हैं. यहां सूर्यास्त के समय झील का नजारा काफी खूबसूरत दिखाई देता है. उदयपुर कपल्स के लिए भी अच्छा विकल्प है, क्योंकि यहां का शांत और रोमांटिक माहौल छोटी छुट्टी को यादगार बना सकता है.
जिम कॉर्बेट (उत्तराखंड)
अगर आप शहर की भीड़भाड़ से दूर प्रकृति के बीच समय बिताना चाहते हैं, तो जिम कॉर्बेट घूमने जा सकते हैं. यहां जंगल सफारी के दौरान वन्यजीवों को देखने का मौका मिल सकता है. इसके अलावा, आसपास की हरियाली, नदियां और प्राकृतिक नजारे भी लोगों को आकर्षित करते हैं. सुबह जल्दी जंगल सफारी पर जाना इस ट्रिप का खास अनुभव हो सकता है. हालांकि, सफारी के लिए पहले से बुकिंग और पार्क के नियमों की जानकारी लेना जरूरी है.
अलप्पुझा (केरल)
केरल का अलप्पुझा, जिसे एलेप्पी भी कहा जाता है, अपने खूबसूरत बैकवॉटर और हाउसबोट के लिए मशहूर है. यहां पानी के बीच बसे गांव, हरियाली और शांत वातावरण देखने को मिलता है. आप हाउसबोट में घूम सकते हैं, स्थानीय जीवन को करीब से देख सकते हैं और केरल के पारंपरिक खाने का स्वाद ले सकते हैं. अगर आप तेज रफ्तार जिंदगी से ब्रेक लेकर कुछ समय शांति से बिताना चाहते हैं तो अलप्पुझा आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है.