scorecardresearch
 

Hill Stations to Visit in October: शिमला-मनाली छोड़िए! अक्टूबर के सुहाने मौसम में घूमें ये 5 हिल स्टेशन, यादगार बन जाएगा सफर

Hill Stations to Visit in October: अक्टूबर का महीना घूमने के लिए काफी अच्छा माना जाता है. मानसून खत्म होने के बाद मौसम सुहावना हो जाता है और पहाड़ी इलाकों में हरियाली भी देखने को मिलती है. अगर आप भी अक्टूबर में किसी ठंडी और खूबसूरत जगह पर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो देश के इन 5 हिल स्टेशनों को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.

Advertisement
X
अक्टूबर के सुहाने मौसम में घूमें यहां (Photo- ITG)
अक्टूबर के सुहाने मौसम में घूमें यहां (Photo- ITG)

Hill Stations to Visit in October: अक्टूबर का महीना आते ही मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने लगती है. मानसून के बाद पहाड़ी इलाकों की हरियाली भी खिल उठती है, ऐसे में घूमने के लिए यह समय काफी अच्छा रहता है. अगर आप भी शहर की भागदौड़ से दूर कुछ दिन सुकून के साथ बिताना चाहते हैं तो अक्टूबर में हिल स्टेशन घूमने का प्लान बना सकते हैं. इस महीने कई पहाड़ी जगहों पर मौसम न ज्यादा गर्म होता है और न ही बहुत ज्यादा ठंड. ऐसे में आप आराम से घूमने के साथ खूबसूरत नजारों का मजा ले सकते हैं. 

आज हम आपको भारत के 5 ऐसे हिल स्टेशनों के बारे में बताएंगे, जहां आप परिवार या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं. इन जगहों का सफर आपके लिए हमेशा के लिए यादगार बन जाएगा.

दार्जिलिंग (पश्चिम बंगाल)
अक्टूबर में दार्जिलिंग का मौसम काफी सुहावना रहता है. बारिश का मौसम खत्म होने के बाद आसमान साफ होने लगता है, जिससे कंचनजंगा की बर्फीली चोटियों का खूबसूरत नजारा देखने को मिल सकता है. सूर्योदय देखने के लिए टाइगर हिल जा सकते हैं. इसके अलावा यहां टॉय ट्रेन की सवारी, चाय के बागानों में घूमना और आसपास की खूबसूरत वादियों को एक्सप्लोर करना भी अच्छा अनुभव हो सकता है.

कुर्ग (कर्नाटक)
कुर्ग को 'भारत का स्कॉटलैंड' भी कहा जाता है. अक्टूबर में मानसून के बाद यहां की हरियाली और कॉफी के बागान बेहद खूबसूरत नजर आते हैं. यहां का मौसम भी घूमने के लिए अच्छा रहता है. आप कॉफी प्लांटेशन घूमने के साथ एबी फॉल्स जा सकते हैं और राजा सीट से आसपास के खूबसूरत नजारे देख सकते हैं. अगर आप भीड़-भाड़ से दूर शांत जगह पर समय बिताना चाहते हैं तो कुर्ग अच्छा ऑप्शन है.

Advertisement

मुन्नार (केरल)
केरल का मुन्नार अपने हरे-भरे चाय के बागानों और खूबसूरत पहाड़ियों के लिए जाना जाता है. अक्टूबर में मानसून के बाद यहां की हरियाली और भी निखर जाती है. इस दौरान झरने भी खूबसूरत नजर आते हैं और पहाड़ियों पर हल्की धुंध का नजारा ट्रिप को और खास बना सकता है. अगर आप प्रकृति के बीच सुकून भरा समय बिताना चाहते हैं तो मुन्नार जा सकते हैं.

ऊटी (तमिलनाडु)
ऊटी को 'हिल स्टेशनों की रानी' कहा जाता है. अक्टूबर से यहां मौसम काफी सुहावना होने लगता है, जो घूमने-फिरने के लिए अच्छा समय है. यहां आप डोड्डाबेट्टा पीक से आसपास के पहाड़ों का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं. इसके अलावा बॉटनिकल गार्डन और ऊटी झील भी घूमने के लिए अच्छी जगहें हैं. परिवार के साथ घूमने के लिए ऊटी एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है.

शिलॉन्ग (मेघालय)
मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग को 'स्कॉटलैंड ऑफ द ईस्ट' भी कहा जाता है. अक्टूबर में यहां का मौसम घूमने के लिए काफी अच्छा रहता है. शिलॉन्ग में आपको पहाड़ों के साथ झरने, झीलें और गुफाएं देखने को मिलेंगी. यहां एलीफेंट फॉल्स, शिलॉन्ग पीक और उमियम झील जैसी जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं. इसके अलावा यहां के लोकल मार्केट और खासी खाना भी ट्राई किया जा सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement