भारत गांवों का देश कहा जाता है. आज भी देश कि लगभग 65% आबादी गांवों में रहती हैं. यहां की हरियाली, खेत-खलिहान, नदियां, पारंपरिक घर और लोक संस्कृति लोगों को एक अलग ही सुकून का एहसास कराते हैं. उत्तर प्रदेश और बिहार के कई गांव आज भी अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण के लिए खास पहचान रखते हैं. अगर आप शहरों की भीड़भाड़ और शोर-शराबे से दूर कुछ यादगार पल बिताना चाहते हैं तो यूपी और बिहार के ये खूबसूरत गांव आपके लिए बेहतरीन डेस्टिनेशन साबित हो सकते हैं.
उत्तर प्रदेश का मलिहाबाद
लखनऊ से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित मलिहाबाद अपने दशहरी आम के बागों के लिए दुनिया भर में जाना जाता है. गर्मियों के मौसम में यहां दूर-दूर तक फैले आम के बगीचे बेहद मनमोहक लगते हैं. आम की खुशबू और हरियाली से घिरा यह गांव नेचर लवर्स को खूब पसंद आता है. यहां आप घूमने के लिए मई से जुलाई के मौसम में जा सकते हैं.
वाराणसी के आसपास के ग्रामीण क्षेत्र
वाराणसी के आसपास कई ऐसे गांव हैं, जहां आज भी पारंपरिक मिट्टी के घर, तालाब और खेत ग्रामीण जीवन की खूबसूरती को जीवंत रखते हैं. सुबह और शाम गंगा किनारे का शांत वातावरण यहां आने वालों को काफी सुकून देता है. यहां घूमने के लिए अक्टूबर से मार्च का समय सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि इस दौरान मौसम काफी सुहावना रहता है.
राजगीर के आसपास के गांव, बिहार
राजगीर के आसपास बसे गांव पहाड़ियों, हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर हैं. यहां का शांत वातावरण और ग्रामीण जीवन पर्यटकों को काफी पसंद आता है. मानसून के दौरान इन गांवों की खूबसूरती और भी निखर जाती है. यहां आप जुलाई से सितंबर और अक्टूबर से फरवरी के मौसम में घूमने जा सकते हैं.
मधुबनी के गांव, बिहार
बिहार के मधुबनी जिले में बसे गांव पूरी दुनिया में मधुबनी पेंटिंग के लिए जाने जाते हैं. यहां घरों की दीवारों पर बनी रंग-बिरंगी कलाकृतियां गांवों को एक अलग पहचान देती हैं. कला और संस्कृति में रुचि रखने वालों के लिए यह जगह किसी खजाने से कम नहीं है. यहां घूमने के लिए नवंबर से फरवरी का समय सबसे अच्छा माना जाता है.
चंदौली और सोनभद्र के गांव, उत्तर प्रदेश
चंदौली और सोनभद्र के गांव पहाड़ों, जंगलों और झरनों के बीच बसे हुए हैं. यहां का प्राकृतिक सौंदर्य किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लगता. बारिश के मौसम में हरियाली और झरनों का नजारा देखने लायक होता है. जुलाई से अक्टूबर के बीच यहां घूमने के लिए सबसे बेस्ट है.
वैशाली के गांव, बिहार
वैशाली के गांव अपने ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के लिए दुनियाभर में जाने जाते हैं. यहां हरियाली के बीच प्राचीन मंदिर, बौद्ध संस्कृति की झलक और ग्रामीण जीवन की सादगी देखने को मिलती है. इतिहास और संस्कृति में रुचि रखने वालों के लिए यह जगह बेहद खास है. यहां आप नवंबर से मार्च तक घूमने जा सकते हैं.