Best Offbeat Destinations: भारत में घूमने के लिए कई ऐसी खूबसूरत जगहें हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. अगर आप भीड़-भाड़ वाले फेमस टूरिस्ट स्पॉट से हटकर कुछ नया एक्सप्लोर करना चाहते हैं तो इन ऑफबीट डेस्टिनेशंस का रुख कर सकते हैं. कहीं आपको बर्फ से ढके पहाड़ और शांत झीलें मिलेंगी तो कहीं पुरानी विरासत और अनोखी संस्कृति देखने को मिलेगी. आज हम आपको भारत की ऐसी ही 10 ऑफबीट जगहों के बारे में बताएंगे, जहां आप परिवार या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं.
संदकफू (Sandakphu), पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में मौजूद संदकफू ट्रेकिंग पसंद करने वालों के लिए शानदार जगह है. लगभग 3,636 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह पश्चिम बंगाल की सबसे ऊंची चोटी है. यहां से आपको हिमालय की कई ऊंची चोटियों के खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं. संदकफू का ट्रेक सिंगालीला रिज से होकर गुजरता है और रास्ते में घने जंगल, रोडोडेंड्रोन, बांस और मैगनोलिया के पेड़ देखने को मिलते हैं.
यहां से दिखने वाला 'स्लीपिंग बुद्धा' का नजारा भी काफी खास है. बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियां दूर से लेटे हुए बुद्ध जैसी दिखाई देती हैं.
हलेबिड (Halebid), कर्नाटक)
अगर आपको इतिहास और पुरानी वास्तुकला में दिलचस्पी है तो कर्नाटक का हलेबिड घूम सकते हैं. यह जगह अपने खूबसूरत होयसल मंदिरों और पत्थरों पर की गई बारीक नक्काशी के लिए जानी जाती है. कभी यह होयसल साम्राज्य की राजधानी हुआ करती थी.
यहां मौजूद होयसलेश्वर मंदिर की दीवारों पर देवी-देवताओं, पौराणिक कहानियों और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी कई खूबसूरत आकृतियां बनाई गई हैं. शांत माहौल की वजह से यह जगह इतिहास और संस्कृति को करीब से जानने वालों को पसंद आ सकती है.
फुगताल गोम्पा (Phugtal Gompa), लद्दाख
लद्दाख की जांस्कर घाटी में मौजूद फुगताल गोम्पा बेहद अनोखी जगह है. यह एक प्राकृतिक गुफा के आसपास पहाड़ की चट्टान पर बना सदियों पुराना बौद्ध मठ है. यहां पहुंचने के लिए सड़क की सुविधा नहीं है, इसलिए ट्रेक करके जाना पड़ता है.
रास्ता भले ही थोड़ा मुश्किल हो लेकिन यहां पहुंचने के बाद पहाड़ों, नदी और शांत वातावरण का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है.
खज्जियार (हिमाचल प्रदेश)
हिमाचल प्रदेश का खज्जियार अपनी हरी-भरी घास के मैदानों, देवदार के जंगलों और खूबसूरत झील के लिए जाना जाता है. इसे अक्सर 'भारत का मिनी स्विट्जरलैंड' भी कहा जाता है.
अगर आप भीड़-भाड़ से दूर प्रकृति के बीच समय बिताना चाहते हैं, तो खज्जियार अच्छा ऑप्शन हो सकता है. परिवार, कपल्स और नेचर लवर्स यहां घूमने का प्लान बना सकते हैं.
कनाताल (उत्तराखंड)
उत्तराखंड का कनाताल उन लोगों के लिए खास है जो शांत और कम भीड़ वाली जगह पर घूमना चाहते हैं. यहां आपको सेब के बाग, चीड़ के जंगल और पहाड़ों के खूबसूरत नजारे देखने को मिलेंगे.
कनाताल में कैंपिंग और प्रकृति के बीच आराम करने का मजा लिया जा सकता है. सर्दियों के मौसम में यहां बर्फबारी के बाद पहाड़ों का नजारा और भी खूबसूरत हो जाता है.
जीरो (अरुणाचल प्रदेश)
अरुणाचल प्रदेश की जीरो वैली अपनी हरी-भरी धान की खेती, धुंध से ढकी पहाड़ियों और अपातानी जनजाति की अनोखी संस्कृति के लिए जानी जाती है. यहां आपको प्रकृति के साथ स्थानीय जीवन और परंपराओं को करीब से देखने का मौका मिलता है.
जीरो में हर साल मशहूर जीरो म्यूजिक फेस्टिवल भी आयोजित किया जाता है, जिसमें देश-विदेश से लोग पहुंचते हैं.
तवांग (अरुणाचल प्रदेश)
बर्फ से ढके पहाड़ों और खूबसूरत झीलों से घिरा तवांग नॉर्थ ईस्ट की खास जगहों में से एक है. यहां मौजूद सदियों पुराना तवांग मठ इस जगह को और खास बनाता है.
यहां आपको बौद्ध संस्कृति के साथ पहाड़ों की खूबसूरती देखने को मिलेगी. एडवेंचर पसंद करने वाले लोग ट्रेकिंग और पहाड़ी रास्तों पर ड्राइव का मजा भी ले सकते हैं.
चंपानेर-पावागढ़ (गुजरात)
गुजरात का चंपानेर-पावागढ़ पुरानी ऐतिहासिक इमारतों और वास्तुकला को पसंद करने वालों के लिए खास जगह है. यह यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट है.
यहां पुराने किले, मस्जिदें, मंदिर, महल और बावड़ियां देखने को मिलती हैं. यहां की कई ऐतिहासिक इमारतें 8वीं से 16वीं शताब्दी के बीच की मानी जाती हैं. अगर आप इतिहास को करीब से देखना चाहते हैं, तो यह जगह एक्सप्लोर कर सकते हैं.
मावलिननॉन्ग (मेघालय)
मेघालय का मावलिननॉन्ग अपनी साफ-सफाई और हरियाली के लिए काफी मशहूर है. यहां आपको हरे-भरे पेड़-पौधे, बांस से बने रास्ते और खूबसूरत बगीचे देखने को मिलेंगे.
यह गांव खासी समुदाय की जीवनशैली और पर्यावरण को लेकर उनकी जागरूकता की झलक भी दिखाता है. प्रकृति के बीच शांत समय बिताने के लिए यह जगह एक्सप्लोर की जा सकती है.
लोनार क्रेटर झील (महाराष्ट्र)
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में मौजूद लोनार क्रेटर झील अपनी अनोखी बनावट के लिए जानी जाती है. माना जाता है कि इसका निर्माण हजारों साल पहले उल्कापिंड के धरती से टकराने के कारण हुआ था.
झील के आसपास का प्राकृतिक वातावरण, इसकी भूगर्भीय खासियत और पुराने मंदिर इसे दूसरी जगहों से अलग बनाते हैं. अगर आपको प्रकृति, इतिहास और विज्ञान से जुड़ी चीजों में दिलचस्पी है, तो लोनार क्रेटर झील को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं.