साहिल राजेश जाधव (Sahil Rajesh Jadhav) भारतीय कंपाउंड तीरंदाजी के खिलाड़ी हैं. एशियन गेम्स 2026 में साहिल जाधव और चिकिथा तनिपर्थी की जोड़ी ने कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल मुकाबले में गोल्ड मेडल जीता.
साहिल जाधव का जन्म 11 अप्रैल 2001 को महाराष्ट्र में हुआ था. वे कंपाउंड तीरंदाजी की व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओ में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. साहिल ने वर्ष 2025 में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी शुरुआत की थी.
साहिल जाधव की शिक्षा महाराष्ट्र के सातारा स्थित कर्मवीर भाऊराव पाटील विश्वविद्यालय से हुई है. वे यहां प्राकृतिक विज्ञान में स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं. विद्यार्थी रहते हुए उन्होंने तीरंदाजी को अपने खेल करियर के रूप में आगे बढ़ाया.
वर्ष 2025 में साहिल ने जर्मनी में आयोजित विश्व विश्वविद्यालय खेलो में हिस्सा लिया. प्रतियोगिता की व्यक्तिगत स्पर्धा के वरीयता दौर में उन्हें छठा स्थान मिला था. इसके बाद उन्होंने व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में फाइनल तक का सफर तय किया. फाइनल में उनका मुकाबला ग्रेट ब्रिटेन के अजाय स्कॉट से हुआ. साहिल ने 149-148 के अंतर से मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया. यह विश्व विश्वविद्यालय खेलो में भारत के लिए व्यक्तिगत कंपाउंड तीरंदाजी का पहला स्वर्ण पदक था.
इसी प्रतियोगिता की पुरुष टीम स्पर्धा में साहिल ने कुशल दलाल और ऋतिक शर्मा के साथ हिस्सा लिया. भारतीय टीम ने रजत पदक जीता. फाइनल में भारत को तुर्की की टीम से एक अंक के अंतर से हार मिली.
वर्ष 2026 साहिल के अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और महत्वपूर्ण दौर रहा. शंघाई में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण में उन्होंने पुरुष व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक जीता. यह उनका विश्व कप में पहला पदक था. कांस्य पदक के मुकाबले में उन्होंने डेनमार्क के मार्टिन डैम्सबो को 147-144 से हराया.
इसके बाद साहिल ने 2026 एशियाई खेलो के लिए भारतीय टीम में जगह बनाई. चयन ट्रायल में उन्होंने पुरुष व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया. एशियाई खेलो में उन्होंने पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वालीफिकेशन दौर में 709 अंक बनाए. मिश्रित टीम क्वालीफिकेशन में भी उनके प्रदर्शन से भारत को पहला स्थान मिला.
एशियन गेम्स 2026 में बुधवार को भारत ने गोल्ड का चौका लगाया. आर्चरी में भारत की गोल्डन हैट्रिक रही... इससे पहले नीरू ढांडा और कायनन चेनाई ने ट्रैप मिक्स्ड टीम में गोल्ड जीतने के साथ एशियन रिकॉर्ड तोड़ा, जबकि कंपाउंड आर्चरी में चिकिथा तनिपर्थी ने महिला टीम और मिक्स्ड टीम इवेंट में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए.