राज शमानी (Raj Shamani) एक पॉडकास्टर हैं. उनका जन्म 29 जुलाई 1997 को मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में हुआ था. वह मुख्य रूप से अपने पॉडकास्ट "फिगरिंग आउट विद राज शमानी" (Figuring Out with Raj Shamani) के लिए पहचाने जाते हैं.
राज शमानी का जन्म एक सिंधी परिवार में हुआ. उनके पिता सुरेश शमानी टेक्सटाइल और केमिकल ट्रेडिंग के व्यवसाय से जुड़े थे. परिवार के व्यवसाय और आर्थिक परिस्थितियों ने राज के जीवन पर शुरुआती दौर में ही प्रभाव डाला. पिता की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और आर्थिक चुनौतियों के दौरान उन्होंने कम उम्र में ही पारिवारिक कारोबार में हाथ बंटाना शुरू कर दिया था. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा इंदौर के एमराल्ड इंटरनेशनल स्कूल से पूरी की और बाद में प्रेस्टिज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से उच्च शिक्षा प्राप्त की.
साल 2013 में राज शमानी ने "जादूगर ड्रॉप" नाम से एक डिशवॉशिंग लिक्विड उत्पाद लॉन्च किया. इसके बाद 2015 में इस पहल को पारिवारिक केमिकल कारोबार के साथ जोड़कर "शमानी इंडस्ट्रीज" का विस्तार किया गया. यह कंपनी घरेलू सफाई से जुड़े उत्पादों के निर्माण और वितरण का काम करती है.
व्यापार के अलावा राज शमानी ने डिजिटल क्षेत्र में भी कदम रखा. उन्होंने "हाउस ऑफ एक्स" (House of X) नामक प्लेटफॉर्म की सह-स्थापना की, जिसका उद्देश्य डिजिटल क्रिएटर्स को अपने उपभोक्ता ब्रांड लॉन्च करने में मदद करना है. इसके साथ ही वह कई भारतीय स्टार्टअप्स में एंजेल निवेशक के रूप में भी जुड़े रहे हैं.
साल 2021 में उन्होंने "फिगरिंग आउट विद राज शमानी" पॉडकास्ट शुरू किया. यह पॉडकास्ट उद्यमिता, बिजनेस, व्यक्तिगत विकास और समसामयिक विषयों पर केंद्रित है. इस शो में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हस्तियां शामिल हो चुकी हैं. पॉडकास्ट के माध्यम से उन्होंने युवा दर्शकों के बीच अच्छी पहुंच बनाई.
साल 2024 में राज शमानी राष्ट्रीय क्रिएटर्स अवॉर्ड्स कार्यक्रम में वक्ता के रूप में शामिल हुए, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भी अपने विचार रखे. जून 2025 में उनके पॉडकास्ट पर उद्योगपति विजय माल्या का नौ साल बाद पहला सार्वजनिक इंटरव्यू प्रसारित हुआ, जिसने कुछ ही दिनों में करोड़ों व्यूज हासिल किए. उनके पॉडकास्ट में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स जैसे अतिथि भी शामिल हो चुके हैं.
हालांकि, उनके करियर में कुछ विवाद भी सामने आए. वर्ष 2025 में अभिनेता अनुपम खेर ने आरोप लगाया कि उनके इंटरव्यू के कुछ हिस्सों को संपादित कर इस तरह प्रस्तुत किया गया जिससे मूल संदर्भ प्रभावित हुआ. इसके अलावा, कुछ पॉडकास्ट एपिसोड्स में विवादित व्यक्तियों को मंच देने को लेकर भी आलोचना हुई. इसी वर्ष एक कानूनी मामले में दिल्ली हाई कोर्ट के समक्ष उन्हें एक पॉडकास्ट एपिसोड के कुछ हिस्सों को संपादित और हटाने पर सहमति देनी पड़ी.
आसमान छूती प्रॉपर्टी की कीमतों और मौजूदा सुस्त अर्थव्यवस्था के बीच आज के युवाओं (Gen Z) के लिए अपना घर खरीदने का सपना बेहद मुश्किल होता जा रहा है. यही वजह है कि युवा अब भविष्य के किसी अनिश्चित और बड़े वित्तीय लक्ष्य के लिए पैसे बचाने के बजाय वर्तमान जीवन-शैली को बेहतर बनाने को प्राथमिकता दे रहे हैं.