मैथ्यू वैन डाइक (Matthew Aaron VanDyke) एक अमेरिकी नागरिक हैं, जिनका जन्म बाल्टीमोर में हुआ और पढ़ाई Georgetown University से हुई. वैन डाइक खुद को कभी फ्रीडम फाइटर, कभी डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर और कभी विद्रोहियों के ट्रेनर के रूप में पेश करते रहे हैं. लेकिन उनका नाम कई बार विवादों और संवेदनशील मामलों में भी सामने आता रहा है.
13 मार्च को भारत की जांच एजेंसी National Investigation Agency (NIA) ने एक बड़े ऑपरेशन में 7 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया, जिनमें 6 यूक्रेन के और 1 अमेरिकी थे. यही अमेरिकी नागरिक वैनडाइक हैं. उन्हें कोलकाता एयरपोर्ट पर रोका गया, जबकि अन्य यूक्रेनी नागरिकों को लखनऊ और दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया. जानकारी के मुताबिक, ये सभी टूरिस्ट वीजा पर भारत आए थे और गुवाहाटी होते हुए मिजोरम पहुंचे.
आरोप है कि ये लोग बिना अनुमति के प्रतिबंधित इलाकों (Restricted Area Permit Zone) में दाखिल हुए. NIA के अनुसार, इनका मकसद म्यांमार में सक्रिय उग्रवादी समूहों को ट्रेनिंग देना और पूर्वोत्तर भारत में हमलों की साजिश से जुड़ना हो सकता है.
वैन डाइक पहली बार 2011 में चर्चा में आए, जब उन्होंने Libyan Civil War के दौरान लीबिया में विद्रोही गुटों का साथ दिया. उस समय देश में Muammar Gaddafi के खिलाफ आंदोलन चल रहा था.
वैन डाइक अवैध रूप से लीबिया में दाखिल हुए, विद्रोहियों के साथ जुड़े और लड़ाई के दौरान घायल भी हुए. इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और करीब 6 महीने तक कुख्यात जेलों में अकेले कैद रखा गया.
अगस्त 2011 में जेल के कैदियों ने सेल का ताला तोड़ दिया, जिसके बाद वैन डाइक भागने में सफल रहे. जेल से निकलने के बाद वह कुछ दिन एक साथी के घर रुके और फिर त्रिपोली के एक होटल में रहने लगे, जहां उन्हें अंतरिम सरकार का समर्थन मिला. यह पूरी घटना उनके जीवन का सबसे चर्चित हिस्सा बन गई और यहीं से उनकी एक ‘विदेशी योद्धा’ की छवि बनी.
वैन डाइक का जीवन हमेशा जोखिम और विवादों से जुड़ा रहा है. वह अलग-अलग देशों के संघर्षों में खुद को शामिल करते रहे हैं. उनके समर्थक उन्हें एक साहसी और विचारधारा से प्रेरित व्यक्ति मानते हैं, जबकि आलोचक उन्हें गैर-जरूरी दखल देने वाला और कानून तोड़ने वाला बताते हैं.
मैथ्यू वैन डाइक एक ऐसे शख्स हैं, जिनकी कहानी किसी फिल्मी किरदार जैसी लगती है, लेकिन असल जिंदगी में उनके कदम कई देशों की सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का कारण बन चुके हैं. भारत में उनकी गिरफ्तारी के बाद अब यह देखना होगा कि जांच में आगे क्या सामने आता है.
सोशल मीडिया पर 'हिट-मैन' के नाम से मशहूर अमेरिकी ऑपरेटिव मैथ्यू वैन डाइक के मोबाइल और अकाउंट्स खंगालने के बाद पूर्वोत्तर भारत और अंतरराष्ट्रीय विद्रोही समूहों से जुड़े उसके खतरनाक मिशन का खुलासा हुआ है.