घर से बाहर निकलते समय सबसे बड़ा डर यही रहता है कि पीछे सब कुछ सिक्योर होगा या नहीं. हर किसी के लिए महंगा CCTV, स्मार्ट लॉक और पूरा सिक्योरिटी सिस्टम लगवाना आसान नहीं होता. लेकिन घर के दरवाजे, गेट, सीढ़ियों या पीछे के हिस्से को सुरक्षित रखने के लिए एक आसान जुगाड़ काम आ सकता है. यह है मोशन सेंसर वाली ऑटोमैटिक लाइट.
इसका काम बहुत आसान है. जैसे ही कोई शख्स सेंसर के सामने आता है, लाइट अपने आप जल जाती है. कुछ सेकंड या मिनट तक हलचल रहने पर लाइट जलती रहती है और वहां कोई मूवमेंट नहीं होने पर अपने आप बंद हो जाती है. आमतौर पर PIR यानी पैसिव इंफ्रारेड सेंसर वाले सिस्टम इंसान के शरीर से होने वाले गर्मी के बदलाव और मूवमेंट को पकड़कर लाइट ऑन करते हैं.
मोशन सेसिंग लाइट्स
मान लीजिए रात में कोई आपके घर के गेट के पास आता है. अंधेरे में छिपकर आने की कोशिश कर रहा व्यक्ति जैसे ही सेंसर की रेंज में आएगा, अचानक वहां रोशनी हो सकती है. इससे घर के अंदर मौजूद लोगों या पड़ोसियों का ध्यान उस तरफ जा सकता है. सुरक्षा एजेंसियां भी घर के बाहर अच्छी लाइटिंग और मोशन सेंसर के इस्तेमाल को एक्स्ट्रा सिक्योरिटी के तौर पर मानती हैं. पंजाब पुलिस की होम सेफ्टी सलाह में भी बाहर की लाइट और मोशन डिटेक्टर के इस्तेमाल की बात कही गई है.
यह भी पढ़ें: SIM Card Rule Change: SIM कार्ड का नया नियम, अब इन लोगों को नहीं मिलेगा नया कनेक्शन
सस्ते में मिल जाती हैं ये लाइट्स
इस जुगाड़ को अपनाने के लिए पूरा घर बदलने की जरूरत नहीं है. बाजार में ऐसी रेडीमेड LED लाइट मिलती हैं जिनमें सेंसर पहले से लगा होता है. इन्हें सामान्य बल्ब या आउटडोर लाइट की तरह लगाया जा सकता है. दूसरा तरीका यह है कि मौजूदा लाइट के साथ अलग मोशन सेंसर लगवाया जाए. लेकिन अगर घर की वायरिंग से छेड़छाड़ करनी है, तो किसी अच्छे इलेक्ट्रिशियन से ही काम करवाना बेहतर है. इस तरह की लाइट्स लोग आम तौर पर वॉर्डरोब या गैलरी में लगाते हैं ताकि चलते हुए ये खुद से जल जाएं और ऑफ हो जाएं.
ई-कॉमर्स वेबसाइट्स पर भी मोशन सेंसिंग लाइट्स की कई वेरिाइटी उपलब्ध है. साइज अलग अलग हो सकते हैं. कीमत 1000 रुपये से शुरू है, लेकिन डील में आप 500 रुपये तक में खरीद सकते हैं. हालांकि प्राइस साइज और कैपेसिटी पर डिपेंड करता है.
कहां लगा सकते हैं मोशन सेंसिंग लाइट्स?
सेंसर वाली लाइट लगाने की सबसे सही जगह मुख्य दरवाजे के बाहर, गेट, पार्किंग, सीढ़ियों, बालकनी के प्रवेश वाले हिस्से और घर के पीछे का एरिया हो सकता है. सेंसर को ऐसी जगह लगाना चाहिए जहां आने-जाने वाला शख्स उसकी रेंज में जरूर आए. बाहर लगाने वाली लाइट बारिश और धूल झेल सके, इसके लिए उसका वेदर प्रूफ या IP रेटिंग वाला मॉडल चुनना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: How To Save AC water: बड़े काम का AC का पानी, स्टोरेज का सबसे बेस्ट तरीका
हालांकि इसे चोर पकड़ने वाली मशीन समझना गलती होगी. मोशन सेंसर लाइट सिर्फ एक एक्स्ट्रा सुरक्षा लेयर है. तेज रोशनी से किसी की मौजूदगी दिख सकती है, लेकिन यह चोरी को पूरी तरह नहीं रोक सकती. इसलिए मजबूत ताले, दरवाजे और जरूरत हो तो CCTV या अलार्म का इस्तेमाल भी जरूरी है. पुलिस की सलाह भी यही है कि घर की सुरक्षा कई उपायों को मिलाकर की जाए.
यानी छोटा सा सेंसर और एक ऑटोमैटिक लाइट रात के अंधेरे को आपके घर की कमजोरी बनने से रोक सकती है. कोई आए और लाइट अपने आप जल जाए, कई बार बस इतना सा बदलाव भी किसी अनजान हलचल को नजरअंदाज होने से बचा सकता है.